यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला जारी है. शुक्रवार सुबह लखनऊ, नोएडा, जालौन, मिर्जापुर और संभल में बारिश हुई संभल में नहर कट गई. पानी के तेज बहाव से करीब 8 फीट का हिस्सा बह गया. इससे 100 बीघा फसलें जलमग्न हो गईं. नहर के कटान को बंद करने के लिए 4 बुलडोजर लगाए गए.
नोएडा में अंडरपास में जलभराव के चलते एंबुलेंस फंस गई. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने धक्का देकर बाहर निकाला. आगरा में सड़क धंस गई और 20 फीट का गड्ढा हो गया. मिर्जापुर में भी कच्ची सड़क बह गई.
इधर, लगातार बारिश से नदियां भी उफान पर हैं. लखीमपुर खीरी में शारदा नदी में अब तक 50 एकड़ जमीन समा चुकी है. बलिया में सरयू नदी में 27 घर समा चुके हैं. फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई. 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया. वाराणसी में गंगा उफान पर है। 40 से 50 छोटे मंदिरों में बाढ़ का पानी घुस गया.
रत्नेश्वर महादेव मंदिर आधे से ज्यादा डूब चुका है. आज भी सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है. इनमें 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. गुरुवार को लखनऊ, सहारनपुर समेत 20 शहरों में बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक, 19.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 7.8 मिमी से 150% ज्यादा है. पिछले 3 दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-“बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं यूपी पहुंच रही हैं. साथ ही प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र और आसपास बने मौसम सिस्टम बारिश करा रहे हैं. कई जगहों पर हवा में नमी ज्यादा होने से बादल बन रहे हैं और तेज बारिश हो रही है. अगले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी.”
















Leave a Reply