VIDEO: आगरा में दो मंजिला मकान गिरा, फर्रुखाबाद में 4 घर नदी में समाए; बिजनौर में हाईवे डूबा

Spread the love

यूपी में पिछले 25 दिनों से हो रही जोरदार बारिश से और बाढ़ की वजह से हालात बिगड़ने लगे हैं. शुक्रवार को आगरा में भारी बारिश के बीच दो मंजिला मकान गिर गया. शनिवार को सामने आए वीडियो में सड़क किनारे बना यह मकान सिर्फ 3 सेकंड में ढहता दिखाई दे रहा. गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ.

इधर, यूपी में नदियां उफान पर हैं. काशी में गंगा नदी का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है. सभी 84 घाटों की सीढ़ियां डूब गई हैं. उनका आपस में संपर्क टूट गया है। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही है. पिछले 2 दिनों में 8 घर नदी में समा चुके हैं। 10 से ज्यादा गांवों के चारों तरफ पानी भर जाने से उनका संपर्क टूट गया है.

लोग नाव, बैलगाड़ी और ट्रैक्टर के सहारे आवाजाही करने को मजबूर हैं. बलिया में भी सरयू नदी में 27 घर समा चुके हैं. बिजनौर में पिछले 10 दिनों से गंगा का पानी स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है. आधा दर्जन गांव टापू बन गए हैं। वहीं, सीतापुर में शारदा और घाघरा नदियां उफान पर हैं। 400 बीघा खेती की जमीन जलमग्न हो चुकी है.

इससे पहले, शनिवार सुबह उन्नाव में रिमझिम बारिश हुई. लखनऊ, गोरखपुर और आगरा समेत 50 शहरों में बादल छाए रहे. हालांकि, दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई. आज 66 जिलों में बारिश का अलर्ट है। झांसी और जालौन समेत 7 शहरों में भारी बारिश के आसार हैं.

शुक्रवार की बात करें तो 70 शहरों में मूसलाधार बारिश हुई। सबसे ज्यादा 79.3 मिमी बारिश संभल में दर्ज की गई. गाजियाबाद-नोएडा में हाईवे और सड़कें तालाब बन गईं. गली-मोहल्लों में 4 फीट तक पानी भर गया. नोएडा के अंडरपास में एंबुलेंस फंस गई.

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-“पश्चिमी यूपी और उसके आसपास बने हवा के दबाव की वजह से कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है. अब बंगाल की खाड़ी के पास एक और नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जो आगे बढ़ेगा. इससे आने वाले 4 दिनों में मानसूनी सिस्टम और मजबूत होगा. इससे खासकर दक्षिण यूपी के इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *