हमीरपुर में दो स्कूली बसों की आमने-सामने टक्कर: एक में सवार थे 19 बच्चे, दूसरी खाली; 6 छात्राएं घायल

Spread the love

हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई. इस हादसे में करीब आधा दर्जन छात्राएं घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार, किसी भी छात्रा को गंभीर चोट नहीं आई है.

यह घटना सेना रोड पर सुबह लगभग आठ बजे हुई. टक्कर आरपी गुरुकुल और पीएसएन इंटर कॉलेज आमगांव की बसों के बीच हुई. बताया गया है कि आरपी गुरुकुल की बस खाली थी, जबकि पीएसएन इंटर कॉलेज की बस में 19 बच्चे सवार थे. सभी घायल छात्राएं पीएसएन इंटर कॉलेज की बस में ही थीं. घायल छात्राओं को बस चालक हरचरण यादव ने एंबुलेंस की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सक डॉ. माहौर ने बताया कि 15 वर्षीय स्नेहा, 13 वर्षीय मानसी, 12 वर्षीय साक्षी, 12 वर्षीय करिश्मा, 13 वर्षीय रिया और 14 वर्षीय संजोती घायल हुई हैं. सभी का इलाज जारी है और उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है.

आमने सामने दोनों बसों की टक्कर हो गई.

हादसे के बाद घायल छात्रा दीपिका ने जानकारी दी कि सामने से आ रही बस का टायर फट गया था, जिससे वह अनियंत्रित होकर उनकी बस से टकरा गई. छात्रा के मुताबिक, दूसरी बस का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उनकी बस के चालक ने सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया.

घायल बच्चों को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे.

पीएसएन इंटर कॉलेज बस के चालक हरचरण यादव ने भी आरपी गुरुकुल की बस का टायर फटने को हादसे का कारण बताया. उन्होंने पुष्टि की कि टक्कर के बाद दूसरी बस का चालक मौके से भाग गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश के साथ ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *