बनने जा रहा है कानपुर-झांसी छह लेन हाईवे, DPR तैयार; लोगों का सफर आसान होगा

Spread the love

कानपुर से झांसी छह लेन हाईवे बनने जा रहा है. कानपुर से झांसी छह लेन हाईवे का डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो गया है. पहले चरण में कानपुर देहात के बारा जोड़ से उरई तक हाईवे छह लेन चौड़ा किया जाएगा. दूसरे चरण में उरई से झांसी तक के लिए सर्वे पूरा शुरू किया गया है. NHAI ने डीपीआर अनुमोदन के लिए मंत्रालय भेजा है. सिक्स लेन हाईवे बन जाने से लोगों का सफर आसान होगा.

कानपुर से झांसी हाईवे पर वाहनों का भारी दबाव है. इसके किनारे आबादी बढ़ने से दुर्घटनाएं बढ़ी हैं. इसे देखते हुए मौजूदा हाईवे को चार से छह लेन किया जाएगा. अभी 21.5 मीटर चौड़ी रोड है, इसे 32.5 मीटर चौड़ा किया जाएगा. एनएचएआई के मुताबिक यह ब्राउनफील्ड हाईवे होगा। बारा से उरई के बीच 62.67 किमी. हाईवे के चौड़ीकरण पर करीब 3824.77 करोड़ रुपये खर्च होंगे. हाईवे के किनारे छह लेन के लिए ज्यादातर हिस्से में एनएचआई के पास जमीन उपलब्ध है.

उरई में करीब 10 गांवों में भूमि का अधिग्रहण होगा. हाईवे के किनारे स्थित दो से चार मीटर जमीन अधिग्रहीत होना है. कालपी में एक ओवरब्रिज बनाया जाना प्रस्तावित है. यह पुराने ओवरब्रिज से जुड़ेगा. घनी आबादी वाले चार स्थानों पर अंडरपास प्रस्तावित है.

औद्योगिक गलियारे की कनेक्टिविटी मजबूत होगी: कानपुर-आगरा हाईवे पर कानपुर देहात के बारा जोड़ से झांसी की ओर मुड़ने वाले स्थान से चौड़ीकरण शुरू होगा. यह ब्राउनफील्ड (मौजूदा सड़क का विस्तार) हाईवे होगा. यह कानपुर, चित्रकूट और झांसी औद्योगिक गलियारे की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा. हालांकि कानपुर से कबरई तक पहले से ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस प्रस्तावित है. बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर ट्रैफिक चल रहा है. यूपीडा चित्रकूट से झांसी को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे की तैयारी कर रहा है. झांसी हाईवे चौड़ा हो जाने के कारण बुंदेलखंड क्षेत्र में हाईवे का एक बड़ा नेटवर्क तैयार हो जाएगा. कानपुर-आगरा हाईवे से गुजरने वाले 80 प्रतिशत वाहन झांसी की ओर मुड़ जाते हैं. झांसी, ललितपुर, शिवपुरी के रास्ते भोपाल तक तथा ग्वालियर की सीधी कनेक्टिविटी होने के नाते भी इस हाईवे पर ट्रैफिक लोड ज्यादा है. औसतन 20 हजार वाहन एक लेन से रोज गुजरते हैं. भविष्य के ट्रैफिक लोड को देखते हुए इस हाईवे को चौड़ा करने का डीपीआर तैयार किया गया है.

कानपुर-झांसी हाईवे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार: NHAI लखनऊ क्षेत्रीय अधिकारी गौतम विशाल ने बताया कि कानपुर-झांसी हाईवे के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है. मौजूदा हाईवे को ही चौड़ा किया जाएगा. हाईवे के किनारे कुछ स्थानों पर भूमि की जरूरत होगी लेकिन ज्यादातर हिस्से में भूमि उपलब्ध है. मंत्रालय के अनुमोदन के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उरई से आगे का प्रोजेक्ट झांसी रीजन तैयार कर रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *