कानपुर के कुलवंती हॉस्पिटल के पास लगी भीषण आग, गैस पाइपलाइन में रिसाव, टला बड़ा हादसा

Spread the love

कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र स्थित कुलवंती अस्पताल के पास गैस पाइपलाइन में अचानक लीकेज होने से भीषण आग लग गई. सड़क किनारे आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों और दुकानदारों में अफरा-तफरी फैल गई.

रिसाव के कुछ ही देर में पाइपलाइन से तेज लपटें उठने लगीं. अस्पताल के निकट आग की लपटें देखकर राहगीरों और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया.

इलाके खाली कराये गए: गैस पाइपलाइन में आग लगी देख क्षेत्रीय निवासियों ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए काकादेव थाना पुलिस और संबंधित गैस कंपनी के इमरजेंसी नंबर पर दुर्घटना की सूचना दी. व्यस्त इलाका होने और पास ही बड़ा अस्पताल स्थित होने के कारण सूचना मिलते ही काकादेव पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाके को खाली कराया व ट्रैफिक को डाइवर्ट किया.

बड़ा हादसा टला: सूचना मिलने के कुछ ही देर में गैस कंपनी की तकनीकी रिस्पांस टीम भी उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गई. टीम ने तुरंत संबंधित ब्लॉक की मेन सप्लाई लाइन को बंद किया, जिसके बाद आग का दबाव कम हुआ और कुछ ही देर में लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. आग बुझने के बाद गैस कंपनी के इंजीनियरों ने लीक हुई पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *