कानपुर के कई प्रमुख रास्तों पर सोमवार शाम जाम लग गया. मोतीझील से बेनाझाबर होते हुए चुन्नीगंज जाने वाले मार्ग पर शाम करीब 6 बजे वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब 2.5 किलोमीटर का रास्ता पार करने में वाहन सवारों को 30 मिनट से अधिक समय लगा. यही नहीं घंटाघर पर लगे जाम जहां ट्रैफिक पुलिस का जमावड़ा रहता है लेकिन लोग घंटों जाम से जूझते रहे.

उमस भरी गर्मी के बीच जाम में फंसे लोग पसीने से बेहाल नजर आए. कुछ जगह वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े, जबकि कई स्थानों पर काफी देर तक वाहनों के पहिए थमे रहे.
मोतीझील से बेनाझाबर तक रेंगते रहे वाहन: मोतीझील से बेनाझाबर की ओर बढ़ते ही वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई. शाम के व्यस्त समय में वाहनों का दबाव बढ़ने से दोपहिया और चारपहिया वाहन सवारों को परेशानी हुई. कई लोग जाम से निकलने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेते नजर आए.
बेनाझाबर-आर्यनगर और बकरमंडी में भी जाम: बेनाझाबर तिराहे से आर्यनगर जाने वाले मार्ग पर भी दोनों तरफ वाहनों का दबाव बढ़ गया. यहां लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा. वहीं चुन्नीगंज से बकरमंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर बकरमंडी ढाल के पास वाहनों की कतार दूर तक पहुंच गई.
आर्यनगर से कल्याणपुर तक यातायात प्रभावित: सोमवार शाम आर्यनगर, गोविंद नगर और कल्याणपुर समेत शहर के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा. कार्यालयों और बाजारों से लौटने वाले लोगों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया.
करीब एक घंटे तक कई मार्गों पर वाहन धीमी रफ्तार से चलते रहे. उमस के बीच जाम में फंसे लोगों को गर्मी के कारण भी परेशानी उठानी पड़ी.
















Leave a Reply