कानपुर के कैंट थाना क्षेत्र के छबीले पुरवा चौराहे पर सोमवार रात करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार मारुति ईको अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में गिर गई. यह हादसा शराब ठेके के सामने एक तेज मोड़ पर हुआ. गाड़ी नाले में गिरते ही मौके पर हड़कंप मच गया. अच्छी बात यह रही कि हादसे में चालक की जान बच गई.
स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और चालक को गाड़ी से बाहर निकाला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. लोगों ने बताया कि ईको में चालक अकेला था. उसकी पहचान काजीखेड़ा, लालबंगला निवासी मानस सोनकर के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों में यह चर्चा थी कि चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था. हालांकि, उसके नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच या मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी.
हादसे के बाद रब्बुल मोहम्मद, सैफ और सुहैल जैसे क्षेत्रवासी मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकाला. 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और चालक के परिवार को घटना की जानकारी दी. घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
पुलिस ने क्रेन की मदद से नाले में फंसी टूटी हुई ईको को बाहर निकलवाया. हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही. स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां दिन और शाम के समय राहगीरों और आसपास के लोगों की काफी आवाजाही रहती है. अगर यह हादसा भीड़ के समय होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था.
क्षेत्रवासियों ने पुलिस और यातायात विभाग से मांग की है कि नशे में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. कार्यवाहक थाना प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी इकट्ठा की जा रही है और जो तथ्य मिलेंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply