गणपति को चढ़ा एक लड्डू ₹1,87,36,500 में बिका, खास मकसद से हर साल होती है नीलामी

Spread the love

एक लड्डू की ज्यादा से ज्यादा क्या कीमत हो सकती है? आप शायद इसका जवाब सोच भी ना सके. यह लड्डू सौ या हजार रुपए का नहीं बल्कि करोड़ों रुपए में बिका है. हैदराबाद के बंदलागुडा में कीर्ति रिचमंड विला में गणेश उत्सव के दौरान पेश किया गया लड्डू नीलामी के रखा गया. सोमवार देर रात हुई लड्डू की नीलामी में यह लगभग ₹1.87 करोड़ में बिका. यह पिछले साल की कीमत से ₹61 लाख अधिक है. पिछले साल यह लड्डू ₹1.26 करोड़ में नीलाम हुआ था. करोड़ो में बिके इस लड्डू का वजन 5 किलोग्राम है.

हाल के सालों में कीर्ति रिचमंड विला के लड्डू ने राज्य के गणेश चतुर्थी समारोह में सबसे महंगे होने का कीर्तिमान स्थापित किया है. नीलामी 2019 में शुरू हुई थी जिसमें लड्डू की कीमत ₹18.75 लाख थी। इसके बाद 2020 में ₹27.3 लाख, 2021 में ₹41 लाख, 2022 में ₹60 लाख और 2023 में ₹1.26 करोड़ की बोली लगी थी.

इस कम्युनिटी के मैनेजिंग ट्रस्टी अभय देशपांडे ने बताया कि लोगों ने बढ़-चढ़ कर इसमें हिस्सा लिया. उन्होंने कहा, “विभिन्न धार्मिक पृष्ठभूमि से 100 से अधिक विला मालिकों ने इस नीलामी में हिस्सा लिया जिसमें 400 से अधिक बोलियां लगी. गणपति उत्सव के दौरान हर साल आयोजित होने वाली यह अनूठी चैरिटी नीलामी गरीब और जरूरतमंदों की मदद के लिए यह पहल की गई है.”

गौरतलब है कि क्राउडफंडिंग के इस प्रयास से 42 से ज्यादा एनजीओ, वंचित स्कूली बच्चों और ज़रूरतमंदों लाभ मिलता है. अभय देशपांडे ने कहा, “आर.वी. दीया चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा सभी काम स्वयंसेवकों द्वारा शून्य प्रशासनिक लागत के साथ किए जाते हैं. जुटाया गया रुपया सीधे उन लोगों के जीवन पर प्रभाव डालने में योगदान देता है जिनकी हम सेवा करते हैं.”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *