ग्रेटर नोएडा में प्रेमी के बेवफाई पर टावर पर चढ़ी दो बच्चे की मां, बच्चे लगाते रहे मां को गुहार

Spread the love

UP के ग्रेटर नोएडा के पाली गांव में शनिवार को प्रेमी की दूसरी शादी की बात से परेशान महिला हाईटेंशन बिजली पोल पर चढ़ गई. उसके दोनों बच्चे और पुलिसकर्मी नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे. बिजली विभाग और रेस्क्यू टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया. इससे पहले छह नवंबर को भी वह टावर पर चढ़ी थी.

हाईटेंशन लाइन होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बिजली विभाग और रेस्क्यू टीम को बुलाया. करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

छह नवंबर को भी टावर पर चढ़ी थी महिला: इससे पहले छह नवंबर को भी एक महिला एवीजे हाइट्स सोसाइटी के पास स्थित हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गई थी. उस समय भी उसने पुलिस से अपनी समस्या का समाधान कराने की गुहार लगाई थी. शनिवार को दोबारा इस तरह की घटना होने से पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई. महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली.

पति को छोड़ दो बच्चों संग रहती है महिला: जानकारी के मुताबिक महिला मूलरूप से गोरखपुर की रहने वाली है. वह पति को छोड़कर अपने दो बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा में रह रही है. वह दादरी में एक युवक के साथ रह रही थी. आरोप है कि अब वह युवक किसी दूसरी महिला से शादी करने जा रहा है. इसी बात को लेकर महिला परेशान थी. इस कारण वह हाईटेंशन लाइन पर चढ़ गई.

बिजली विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू: शनिवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला हाईटेंशन बिजली लाइन के पोल पर चढ़ गई है. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों ने महिला को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया. उसके बच्चे भी मां से नीचे आने की गुहार लगाते रहे, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही. हाईटेंशन लाइन के चलते पुलिस के सामने उसे सुरक्षित नीचे उतारने की चुनौती थी. एहतियात के तौर पर नीचे जाल लगाया गया। इसके बाद बिजली विभाग की टीम और रेस्क्यू टीम ने मोर्चा संभाला. काफी देर तक समझाने और मशक्कत के बाद टीम महिला तक पहुंची और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *