कानपुर के रामनारायण बाजार अपार्टमेंट में आग: महिला-बच्चे की मौत, 3 झुलसे; 6 लोगों को बचाया

Spread the love

कानपुर में 5 मंजिला राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला और 15 साल के लड़के की मौत हो गई। कई लोग झुलस गए. उपचार के दौरान राखी साहू (45) और प्रांजल बाथम (15) की मौत हो गई. वैभव गुप्ता और मीता बाथम का इलाज चल रहा है. यह घटना आज सुबह करीब 4:30 बजे गणेश मंदिर वाली सकरी गली में हुई.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपार्टमेंट में कुल 12 परिवार रहते हैं. सुबह करीब 4:30 बजे नीचे के फ्लैट में आग लगी. देखते ही देखते आग पार्किंग और ऊपर की मंजिलों तक फैल गई.

लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. पड़ोसियों ने पटरे लगाकर बगल के मकान से कई लोगों को निकाला. कुछ लोग फ्लैट की बालकनी से कूद गए. इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं.

सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने अपार्टमेंट में फंसे 6 लोगों को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला. सभी घायलों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया. करीब 2 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया. पार्किंग में खड़ीं स्कूटी-बाइकें जलकर राख हो गईं.

पुलिस का कहना है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है. मृतकों में राखी साहू (48) और प्रांजुल उर्फ प्रांजल बाथम (15) शामिल हैं. हादसा फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में हुआ.

अग्निशमन विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 4:54 बजे फजलगंज मिनी कंट्रोल रूम को 19/74 राधिका अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली. लाटूश रोड अग्निशमन केंद्र से दो गाड़ियां तत्काल रवाना की गईं. आग की भीषणता देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कर्नलगंज समेत अन्य केंद्रों से अतिरिक्त गाड़ियां बुलवाई गईं. दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया.

जहरीले धुएं और अत्यधिक तापमान के बीच दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे तक मशक्कत की। आग को अन्य मंजिलों तक फैलने से रोकते हुए पूरी तरह बुझा दिया. इससे आसपास के आवासीय और व्यावसायिक भवनों को भी सुरक्षित बचा लिया गया.

पांच से छह फीट चौड़ी गली में बना अपार्टमेंट: जिस मकान में आग लगी, उसका नंबर 9/74 बताया गया है. यह पांच मंजिला अपार्टमेंट मात्र पांच से छह फीट चौड़ी गली में लगभग दो साल पहले बना था. इस इमारत में कुल 12 परिवार रहते थे. निकलने का एक ही सकरा रास्ता होने के कारण बचाव कार्य में काफी बाधा आई.

पीड़ितों ने बताई आपबीती: एक महिला शकुंतला गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 112 पर कॉल किया था, लेकिन वह नहीं उठा. आग लगने की सूचना मिलते ही वे लोग छतों से कूदकर नीचे आए. इस दौरान शकुंतला गुप्ता के बेटे घायल हो गए और उनके पति झुलस गए। उनके पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और कई अन्य लोग भी झुलसे हैं. शकुंतला गुप्ता ने भी एक महिला और एक बच्ची की मौत की पुष्टि की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *