इरशाद खान, हमीरपुर
हमीरपुर जनपद के जलालपुर थानाक्षेत्र के ममना-पुरैनी मार्ग में बाइक से दो साथियों के साथ करवाचौथ का सामान लेने जा रहे युवक की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई. मृतक की पत्नी करवाचौथ का व्रत रख पति की दीर्घायु के लिए पूजा-पाठ की तैयारी में थी. अचानक पति की मौत की खबर पहुंची तो पत्नी बेसुध हो गई. बच्चों का भी रो-रोककर बुरा हाल है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है. मृतक के दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है.
जलालपुर थानाक्षेत्र के पीरी का डेरा पुरैनी गांव निवासी धर्मदास प्रजापति ने बताया कि उसका बड़ा पुत्र 30 वर्षीय जगदीश पत्नी सुखिया के लिए रविवार शाम सात बजे ममना गांव के बाजार से करवाचौथ का सामान खरीदने बाइक से निकला था. उसके साथ गांव का 20 वर्षीय श्रीचंद व 25 वर्षीय रीतेश भी थे. तभी ममना-पुरैनी मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी जिससे जगदीश और उसके दोनों साथी उछलकर दूर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी सरीला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जगदीश को चेकअप के बाद मृत घोषित कर दिया जबकि श्रीचंद और रीतेश को मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है.
घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. पत्नी सुखिया, पुत्री सोनम और पुत्र सागर का रो-रोकर बुरा हाल है. जलालपुर इंस्पेक्टर ब्रजमोहन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है. ट्रैक्टर कब्जे में लेकर परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
















Leave a Reply