कौशांबी में जिस पति की लंबी उम्र के लिए बीवी ने रखा करवाचौथ का व्रत, रात में उसे ही मार डाला

Spread the love

UP के कौशांबी जिले में एक महिला ने जिस पति की लंबी उम्र के लिए दिन भर भूखी प्यासी रहकर करवा चौथ का व्रत पूरा किया, उसी को व्रत पूरा होने के कुछ घंटों बाद जहर देकर मार डाला. पुलिस के अनुसार महिला को संदेह था कि उसके पति का किसी अन्य महिला से अफेयर चल रहा है. यह दिल दहलाने वाली घटना कड़ा धाम थाने के अंतर्गत लाल बहादुर शास्त्री नगर, इस्माइलपुर गांव की है, जहां 32 वर्षीय शैलेश कुमार की पत्नी सविता ने इस वारदात को अंजाम दिया.

शाम को व्रत तोड़ने के बाद दंपत्ति में हुई थी बहस

घटना के बारे में पुलिस ने बताया कि रविवार को करवा चौथ के दिन सविता देवी ने अपने पति शैलेंद्र कुमार की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखा था. शैलेश भी सुबह से ही इस पर्व की तैयारियों में लगा हुआ था. शाम को जब सविता ने अपना व्रत तोड़ा, तो पति-पत्नी के बीच कुछ कहासुनी हुई. हालांकि, कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई और दोनों ने अपने-अपने काम निपटा कर साथ में बैठकर खाना खाया.

खाने में जहर देने के बाद बहाना बनाकर भाग गई पत्नी

खाना खाने के बाद सविता ने शैलेश को पड़ोसी के घर से कुछ सामान लाने के लिए कहा, जब शैलेश पड़ोसी के घर गया तो सविता खुद वहां से भाग गई. जब शैलेश वहां से लौटकर आया, तो उसकी तबीयत बिगड़ गई. हालत ज्यादा खराब होने पर घरवाले उसे अस्पताल लेकर भागे. अस्पताल पहुंचने पर शैलेश ने एक वीडियो बयान में बताया कि उसकी पत्नी ने उसे खाने में जहर दिया था. उसके बाद उसका इलाज शुरू हुआ. इलाज के दौरान ही शैलेश की मौत हो गई.

मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पत्नी को पकड़ा

शैलेश के भाई अखिलेश कुमार ने घटना की पुष्टि की और पुलिस काे सूचना दी. सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी सविता को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *