मुरादाबाद में सबेरे-सबेरे एनकाउंटर, जियो फाइबर के मैनेजर का अपहरण कर मांगे थे 20 लाख

Spread the love

STF नोएडा और हाथरस पुलिस की संयुक्त टीम की शनिवार सुबह मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र में अपहरण के आरोपियों से मुठभेड़ हो गई. पुलिस की गोली से अल्मोड़ा निवासी आरोपी विशाल गोली लगने से घायल हो गया. उसे जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर किया गया है. आरोपियों ने हाथरस में जियो फाइबर कंपनी के मैनेजर का अपहरण कर बीस लाख की फिरौती मांगी थी.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एसटीएफ नोएडा और हाथरस पुलिस की एसओजी की संयुक्त टीम एक गाड़ी का पीछा करते हुए मुरादाबाद पहुंची थी. यहां सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पीली कोठी से आगे शनिदेव मंदिर रोड के पास कार सवारों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया. पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक युवक के गले के पास गोली लगी और वह वहीं गिर गया. पुलिस ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया. बाद में उसे दिल्ली रोड पाकबड़ा स्थित टीएमयू में भर्ती कराया गया.

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया की हाथरस पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमश घायल हुआ है. बदमाश उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के धारानौला थाना क्षेत्र का रहने वाला विशाल है. आरोपी एक अपहरण कांड के बाद फिरौती के पैसे का लेनदेन करने के लिए मुरादाबाद आए थे.

बताया गया कि मुठभेड़ के बाद हाथरस पुलिस ने वहां से अपहृत जियो फाइबर कंपनी के मैनेजर अभिनव भारद्वाज को भी मुक्त करा लिया है. आरोपियों ने हाथरस से बिहार के बेगूसराय निवासी अभिनव भारद्वाज का अपहरण किया था. उनकी पत्नी के पास कॉल करके 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. जिसके बाद से पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य माध्यमों से बदमाशों का पीछा कर रही थी. एसपी सिटी ने बताया कि इस मामले में विस्तृत जानकारी हाथरस पुलिस ही देगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *