भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार कहे जाने वाले पवन सिंह के जन्मदिन का जश्न लखनऊ में जमकर मनाया गया. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से लेकर दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह समेत कई सांसद और विधायक जन्मदिन पर आयोजित जलसे में शामिल हुए और पवन सिंह को बधाई दी. बीजेपी से लोकसभा टिकट ठुकराने के बाद पवन सिंह को जन्मदिन पर बीजेपी के नेताओं के बधाई देने के बाद सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या पावर स्टार की बीजेपी में वापसी होगी.
बीजेपी नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रविवार को पवन सिंह ने फैंस के बीच जन्मदिन मनाया. यहां राजनीतिक दिग्गजों का जमावड़ा भी देखने को मिला. कैसरगंज से पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने पवन सिंह को पगड़ी पहनाकर जमकर तारीफ की तो मनोज तिवारी ने पवन सिंह को छोटा भाई बताते हुए बधाई गीत गाए. इससे अलावा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मंत्री नंदगोपाल नंदी ने भी भोजपुरी सुपरस्टार को जन्मदिन की बधाई दी.
भाजपा नेताओं के बर्थ डे विश के सियासी मायने
पवन सिंह को जन्मदिन पर बीजेपी नेताओं की दी शुभकामनाओं के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं. यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पवन सिंह को यूपी सरकार की तरफ से शुभकामनाएं दीं. वहीं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने उनको भतीजा-बेटा कहकर भावनात्मक संबोधन दिया. इसके अलावा गायक और सांसद मनोज सिंह ने भी पवन सिंह को छोटा भाई बताया. वहीं पवन सिंह ने भी सभी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. डिप्टी सीएम के आने पर पवन सिंह ने कहा आप आए मैं धन्य हो गया.
बीजेपी से की थी बगावत
बता दें कि बीते लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार घोषित किया था. लेकिन पवन सिंह इसको लेकर राजी नहीं दिखे. 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने ऐलान कर दिया कि वह आसनसोल से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने टिकट वापस कर दिया. इसके बाद बीजेपी से बगावत करते हुए बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा. यहां उनको हार का सामना करना पड़ा जबकि बीजेपी उम्मीदवार को भी शिकस्त झेलनी पड़ी.
















Leave a Reply