शामली में आधी रात को एनकाउंटर: 1 लाख के इनामी अरशद समेत 4 बदमाश ढेर, STF इंस्पेक्टर घायल

Spread the love

UP में शामली जिले देररात एनकाउंटर हुआ. यूपी एसटीएफ की मेरठ टीम ने शामली के झिंझाना क्षेत्र में सोमवार के रात करीब 2:30 बजे के आसपास मुस्तफा कग्गा गैंग के बदमाशों की घेराबंदी की. इस दौरान आमने-सामने की फायरिंग में चार बदमाश मुठभेड़ में ढेर हो गए, जबकि एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को कई गोलियां लगीं. सुनील कुमार को फिलहाल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बदमाशों के पास से भारी मात्रा में असलहा बरामद किया गया है.

एसटीएफ मेरठ की टीम ने शामली के झिंझाना क्षेत्र में मुस्तफा कग्गा गैंग के सदस्य अरशद निवासी थाना गंगोह जिला सहारनपुर व उसके तीन साथियों मंजीत, सतीश व एक अन्य को घेर लिया था. सभी बदमाश कार में सवार थे. इस दौरान अरशद व उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी. एसटीएफ की टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. एएसपी ब्रिजेश कुमार ने बताया कि गोलीबारी में चार बदमाशों को गोली लगी , जबकि एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुनील कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां चारों बदमाशों को डॉक्टर ने मृत घोषित किया.

मरने वाले बदमाशों की पहचान एक लाख का इनामी अरशद और उसके 3 साथी मंजीत, सतीश और एक अज्ञात के रूप में हुई. अरशद के खिलाफ लूट, डकैती व हत्या के एक दर्जन मामले दर्ज हैं. इंस्पेक्टर सुनील को पहले करनाल के अमृतधारा अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें डाक्टरों ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया. बड़ी मुठभेड़ की सूचना के बाद आला अफसर मौके पर पहुंच गए. बदमाशों के पास से देसी कार्बाइन समेत काफी मात्रा में हथियार बरामद किये गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *