जलगांव में बड़ा ट्रेन हादसा: पुष्पक एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों को कर्नाटक एक्सप्रेस ने कुचला, 8 की मौत

Spread the love

महाराष्ट्र के जलगांव के परांडा रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हो गया है. पुष्पक एक्सप्रेस के यात्रियों को कर्नाटक एक्सप्रेस ने कुचल दिया. दरअसल, पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई थी, इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने आननफानन में ट्रेन से छलांग लगा दी. उसी समय कर्नाटक एक्सप्रेस विपरीत दिशा से आ रही थी. लिहाजा पुष्पक एक्सप्रेस के कई यात्री कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. 

इस भीषण हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है. करीब 12 घायलों को पाचोरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि ये हादसा जलगांव से 20 किलोमीटर दूर हुआ. जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं.

शुरुआती जानकारी के मुताबिक पुष्पक एक्सप्रेस के कम से कम 8 यात्री बोगी से कूद गए और दूसरी तरफ से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए. पुष्पक एक्सप्रेस लखनऊ से मुंबई जा रही थी.

बताया जा रहा है कि पुष्पक एक्सप्रेस को उस समय रोका गया था, जब B4 बोगी में स्पार्किंग हो गई. इसी बीच ये अफवाह फैल गई कि ट्रेन में आग लग गई है, इसीलिए ट्रेन को रोका गया है. आननफानन में लोग ट्रेन से कूदकर ट्रैक पर आ गए. उसी वक्त मनमाड से चलकर भुसावल की ओर जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस दूसरे ट्रैक से गुजरी. कर्नाटक एक्सप्रेस ने इन यात्रियों को कुचल दिया. इसमें 8-10 लोगों की मौत हो गई.

CM योगी ने दुःख जताया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पक एक्सप्रेस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने घायलों के लिए पर्याप्त चिकित्सा उपचार के आदेश दिए हैं, साथ ही यात्रियों की मौत पर भी शोक व्यक्त किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *