Video पटरी पर बिखरे ट्रेन से कटे शव, हर तरफ चीख-पुकार… जलगांव हादसे का ऐसा था भयानक मंजर

Spread the love

महाराष्ट्र के जलगांव के परांडा रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा हो गया है. बताया जा रहा है कि पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई थी, जिसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया. इसके बाद यात्रियों ने ट्रेन से छलांग लगा दी. इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ने की चपेट में आ गए. पटरी पर कटे हुए शवों के टुकड़े पड़े हैं. इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है.

हादसे के बाद घटनास्थल पर चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है. हादसे के बाद सामने आ रही तस्वीरों ने सभी को हिलाकर रख दिया है. मौत का ये खौफनाक मंजर देखकर लोगों की रूह कांप गई है. हादसे के बाद जो तस्वीरें आईं, वो विचलित करने देने वाली और बेहद डरावनी हैं. तस्वीरों और वीडियो में पटरी के दोनों ओर शवों के टुकड़े पड़े हैं. जिन्हे देख-देखकर पीड़ित परिवार के लोग विलाप कर रहे हैं.

‘घटनास्थल पर है शार्प टर्न’

एक एजेंसी के मुताबिक जहां हादसा हुआ उस जगह पर शार्प टर्न था. इस वजह से दूसरे ट्रैक पर बैठे पैसेंजर्स को ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं लगा. यही वजह है कि यात्री कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए.

बताया जा रहा है कि पुष्पक एक्सप्रेस को B4 बोगी के पहियों से धुआं निकलने के बाद रोक गया था. इसी बीच अफवाह फैल गई कि ट्रेन में आग लग गई और इसी वजह से ट्रेन को रोका गया है. आननफानन में लोग ट्रेन से कूदकर ट्रैक पर आ गए. उसी वक्त मनमाड से चलकर भुसावल की ओर जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस दूसरे ट्रैक से गुजरी. कर्नाटक एक्सप्रेस ने इन यात्रियों को कुचल दिया. इसमें 11 लोगों की मौत हो गई.

हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ये घटना तब हुई जब पुष्पक एक्सप्रेस में सवार यात्री ट्रेन के पहियों से निकले धुएं के बाद ट्रेन में आग लगने की आशंका से बचने के लिए पटरियों पर कूद गए. और अचानक यात्रियों के पटरियों पर पहुंच जाने से ये हादसा हुआ.

मौके पर हैं 8 एंबुलेंस

नासिक के डिविजनल कमिश्नर प्रवीण गेदम ने बताया कि पुष्पक एक्सप्रेस के यात्री ट्रैक पर थे, तभी कर्नाटक एक्सप्रेस बगल के ट्रैक से गुजर रही थी. ट्रेन ने यात्रियों को कुचल दिया. हम मौके पर हैं. एडिशनल एसपी, एसपी, कलेक्टर और सभी लोग घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं, हम डीआरएम और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं. 8 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई हैं, रेलवे की अतिरिक्त बचाव वैन और रेलवे एंबुलेंस को मौके पर भेजा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *