आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है. तेज रफ्तार कार टैंकर में घुस गई. इस हादसे में पति-पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई है. कार सवार प्रयागराज महाकुंभ से दिल्ली लौट रहे थे. फतेहाबाद थाने की घटना है. वहीं महराजगंज में सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई.
बेकाबू कार डीसीएम कैंटर से टकरायी
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान ओमप्रकाश (42), उनकी पत्नी पूर्णिमा सिंह (34), बेटी अहाना (12) और बेटे विनायक (चार) के रूप में हुई है. मीडिया खबरों के मुताबिक ओमप्रकाश रविवार रात को अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कुंभ स्नान करके लौट रहे थे.आधी रात करीब साढ़े बारह बजे थाना फतेहाबाद इलाके में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे कार बेकाबू हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ खड़े डीसीएम कैंटर से टकरा गई. फतेहाबाद के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमरदीप ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. उनके मुताबिक प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि चालक को झपकी लगने के कारण कार बेकाबू हो गई. इस मामले की जांच की जा रही है.
महराजगंज में दो युवकों की दर्दनाक मौत
महराजगंज जनपद के सिसवा नगरपालिका परिसर के इंदिरा नगर वार्ड में कोहरे के कारण तेज रफ्तार से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली व बाइक की आमने सामने भिड़ंत हो गई. इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सूचना पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने शव का पंचनामा कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.
















Leave a Reply