MP के जबलपुर में खूनी संघर्ष: एक साथ 4 को काट डाला, जमकर चली लाठी-तलवारें

Spread the love

MP के जबलपुर जिले में सोमवार को दो पक्षों में टकराव के बाद चार लोगों की हत्या कर दी गई. जबलपुर के पाटन में धारदार हथियार से एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पर अचानक हमला कर दिया. इसमें चार लोगों की जान चली गई तो एक अन्य घायल है. घटना को लेकर इलाके में तनाव व्याप्त है. भारी पुलिसबल को मौके पर तैनात किया गया है.

पाटन क्षेत्र के पुलिस उपमंडल अधिकारी लोकेश डाबर ने फोन पर बताया कि घटना जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर तिमारी गांव में सुबह करीब 11 बजे हुई. घटना के कारण के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि सुबह दोनों पक्षों के बीच बहस हुई थी जिसके बाद हिंसा भड़क उठी.

अधिकारी ने बताया कि घटना दो समूहों के बीच पुरानी रंजिश का नतीजा थी. उन्होंने बताया कि करीब 25 से 35 साल की उम्र के युवकों के एक समूह पर अन्य पक्ष के लोगों ने हमला किया था. अधिकारी ने बताया कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पास के अस्पताल ले जाने के कुछ देर बाद ही एक और युवक ने दम तोड़ दिया.

घटना में एक अन्य युवक घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. उन्होंने बताया कि दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास के साथ ही घटना की जांच जारी है. अधिकारी ने बताया कि गांव में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है. पीड़ित परिवार ने मृतकों के शव रास्ते पर रखकर जाम लगा दिया. काफी देर तक हंगामा होता रहा.

मृतकों की पहचान अनिकेत दुबे, समीर दुबे, गुंजन पाठक और चंदन पाठक के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि हत्या इसी इलाके में रहने वाले एक साहू परिवार के लोगों ने की है. दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में सोमवार को एक बैठक रखी गई थी. इस दौरान आरोपियों ने अचानक लाठी और तलवारों के साथ हमला कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *