UP के अमरोहा में गोवंशीय पशुओं के अवैध कटान की घटनाएं थम नहीं रही हैं. एक सांड को नशे का इंजेक्शन देकर बेहोश करने के बाद गौतस्करों ने कटान की तैयारी कर ली थी. इसी दौरान ग्रामीणों को भनक लग गई और उनके ललकारने पर गौतस्कर सांड को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग निकले. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सांड को चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे. यहां प्राथमिक इलाज के बाद कान्हा उपवन में दाखिल कराया गया है. पुलिस क्षेत्राधिकारी हसनपुर दीप कुमार पंत ने बताया कि गौतस्करों को बख्शा नहीं जाएगा. ग्रामीणों की तहरीर पर अज्ञात के नाम पशुक्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. बदमाशों की तलाश जारी है.
इस संबंध में विश्व हिंदू परिषद के हसनपुर अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने बताया कि अमरोहा में सक्रिय गो तस्करों के हौसले इस समय काफी बुलंद हैं. बताया कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गौतस्करों ने एक बार फिर गौवंश की हत्या का प्रयास किया. शाहपुर कला गांव के पास सोमवार की रात करीब 10 बजे कुछ लोग एक सांड को नशे का इंजेक्शन देकर उसका वध करने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान खेतों की रखवाली कर रहे ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई.
ग्रामीणों के ललकारने पर गौतस्कर अपनी बाइक, छुरा, कटर और काली पन्नी समेत अन्य सामान छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के सह मंत्री तेजपाल राणा और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामान को अपने कब्जे में ले लिया है.
विश्व हिंदू परिषद के मोहित अग्रवाल ने क्षेत्र में बढ़ती गोकशी की घटनाओं पर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन इन घटनाओं को रोकने में विफल रहा है. अग्रवाल ने चेतावनी दी कि अगर गौतस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो विहिप और बजरंग दल समस्त हिंदू समाज के साथ आंदोलन करेंगे.
















Leave a Reply