UP के बरेली से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक पति-पत्नी अपनी 25वीं शादी की सालगिरह मना रहे थे, लेकिन खुशियों का यह माहौल पल भर में मातम में बदल गया.
जानकारी के मुताबिक, बरेली के एक निजी होटल फाहम लॉन में वसीम और उनकी पत्नी फरहा ने अपनी शादी की सिल्वर जुबली पर एक भव्य पार्टी का आयोजन किया था. इस खास मौके पर वे बेहद उत्साहित थे और डीजे पर फिल्मी गाने पर स्टेज पर नाच रहे थे. लेकिन तभी अचानक वसीम मंच पर गिर पड़े. वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वसीम बेहोश हो चुके थे.
आनन-फानन में होटल प्रशासन और रिश्तेदारों ने उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई.
वसीम बरेली में एक व्यापारी थे, जबकि उनकी पत्नी फरहा एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं. शादी की सालगिरह का उत्सव जहां पूरे परिवार और दोस्तों के लिए खुशी का अवसर था, वहीं कुछ ही पलों में यह गमगीन माहौल में बदल गया.
इस घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसमें वसीम और उनकी पत्नी को खुशी-खुशी डांस करते हुए देखा जा सकता है. लेकिन कुछ ही सेकंड बाद वसीम अचानक गिर पड़ते हैं और यह खुशी मातम में तब्दील हो जाती है.
















Leave a Reply