वाराणसी में राखी पर दर्दनाक हादसा हुआ है. भाई को राखी बांधने पति और बेटी के साथ मायके जा रही महिला समेत पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया. डंपर की चपेट से बाइक सवार पति-पत्नी और चार साल की बेटी की मौत हो गई. घटना जंसा थाने क्षेत्र के गंजारी स्टेडियम के पास हुई है. हादसे के बाद गांव के लोगों ने हरहुआ-राजातालाब रिंग रोड पर जाम लगा दिया.
बताया जाता है कि राजातालाब से हरहुआ की तरफ स्पलेंडर बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी. टक्कर लगने से बाइक सवार पति-पत्नी और बेटी सड़क पर गिर गए जिन्हे रौंदते हुए डंपर समेत चालक फरार हो गया. बुरी तरह घायल तीनों ने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने राजातालाब-हरहुआ रिंगरोड पर जाम लगा दिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची एम्बुलेंस को भी शव नहीं ले जाने दिया और पुलिस के सामने ही उसे खदेड़ दिया. फिलहाल मौके पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद है.
लोगों का आक्रोश देख तीन थानों की फोर्स के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. जंसा थाना प्रभारी वैधनाथ सिंह के अनुसार मृतक राजू पटेल (35) अपनी पत्नी नीलम पटेल (32) और पुत्री परी पटेल (4) निवासी परसपुर थाना राजातलाब से शिवपुर जा रहे थे. जंसा थानाक्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 के सामने हरसोस गांव के पास ही पहुंचे थे की तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया. इससे तीनों की मौत हो गई.















Leave a Reply