UP के बलिया से बड़ी खबर सामने आ रही है. बलिया से रसडा जाते समय योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री व निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद की गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. भीषण सड़क हादसे में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद बाल-बाल बच गए. बताया जा रहा है कि अचानक एक जानवर के गाड़ी सामने आ जाने से यह हादसा हुआ. जानवर को बचाने के चक्कर में गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया. कैबिनेट मंत्री संजय निषाद की कार का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, कार के पीछे बैठे मंत्री डॉ. संजय निषाद बाल-बाल बच गए.
दूसरी गाड़ी से आगे की ओर भेजा गया: हादसे के बाद अफरातफरी मच गई. इसके बाद जिलाधिकारी की तरफ से दूसरा वाहन भेजा गया है. इसके बाद कैबिनेट मंत्री संजय निषाद अपने साथियों के साथ आगे की ओर रवाना हो गए. डीएम ने बताया कि हादसा रसडा थाना अंतर्गत सवरा माधोपुर के बीच लखनऊ हाईवे पर हुआ. कैबिनेट मंत्री संजय निषाद पूरी तरह से सुरक्षित हैं. किसी को चोट नहीं आई है. कार क्षतिग्रस्त हुई है. बताया गया कि संजय निषाद रसड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे. इससे पहले संजय निषाद जिला मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी के डाक-बंगले में अधिकारियों के साथ बैठक की थी.
कुछ महीने पहले भी हुआ एक्सीडेंट: बता दें कि कुछ महीनों पहले बलिया के खेजुरी थाना क्षेत्र के जनुवान गांव के पास कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के काफिले में चल रही एक गाड़ी पलट गई थी. हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था. साथ ही पांच महिलाएं भी हादसे में घायल हो गई थीं. हादसे के बाद काफिले में चल रहे अन्य लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया था. हादसे के बात संजय निषाद घायलों को देखने अस्पताल पहुंच थे.















Leave a Reply