प्रतापगढ़ में बेकाबू स्विफ्ट डिजायर ने 6 को रौंदा, 3 की मौत; दौड़ रही थी 100 की स्पीड से

Spread the love

प्रतापगढ़ में 100 की स्पीड से जा रही बेकाबू कार ने 6 लोगों को रौंद दिया. हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के वक्त लोग सड़क किनारे दुकान पर खड़े होकर भुट्टा खा रहे थे, तभी प्रयागराज से लखनऊ जा रही कार अचानक बेकाबू हो गई.

पहले वह डिवाइडर से टकराई, फिर लोगों को टक्कर मारते हुए रोड किनारे खड़ी पिकअप में जा भिड़ी. इसके बाद कार करीब 5 फीट हवा में उछली और पलटी खाते हुए 20 मीटर दूर गई और दुकान में घुस गई.

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. लोगों ने आनन-फानन में घायलों को कालाकांकर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया. जबकि दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें रायबरेली एम्स रेफर किया गया. यहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया.

हादसा मानिकपुर थाना क्षेत्र के मीरगढ़वा चौराहे पर प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर हुआ. कार का एयरबैग खुल जाने से चालक की जान बच गई. पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है.

एसपी डॉ. अनिल कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पिकअप पर बैठा व्यक्ति उछलकर सड़क पर गिरा: डिवाइडर से टकराने के बाद कार पहले रोड पर खड़ी एक पिकअप के कोने से टकराई. टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप की छत पर बैठा खलासी उछलकर 5 फीट नीचे जमीन पर आ गिरा. वहीं डिवाइडर से टकराने से पहले कार वहां से गुजर रहे दो युवकों से बिल्कुल सटकर गुजरी, जिससे दोनों युवक बाल-बाल बच गए.

वीडियो में क्या दिख रहा है, जानिए: कार 100 की स्पीड से हाईवे पर जा रही थी. अचानक कार का बैलेंस बिगड़ गया. सड़क किनारे खड़े लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक कार ने उन्हें रौंद दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक व्यक्ति 5 फीट उछलकर सड़क पर गिरा. हालांकि, उसे चोट नहीं आई। वह तुरंत उठ खड़ा हुआ. हादसे के बाद धूल और धुएं का गुबार उठने लगा. अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *