बारिश के थमने के बाद सांप, बिच्छू सहित अन्य जंगली जंतुओं का रिहायसी इलाकों में निकलना बरकरार है. बुधवार देर शाम झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के गायनो ओटी में करीब 7 फीट लंबा सांप घुस गया जिससे भगदड़ मच गई. स्टॉफ दहल उठा. सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सांप को काबू में किया और जंगल में छुड़वाया.
झांसी के मेडिकल कॉलेज में बीती देर शाम अचानक सामान्य माहौल चीख-पुकारों में तब्दील हो गया. गाइनो ओटी के भीतर अचानक एक लंबा सांप घुस आया. सांप की लंबाई देख स्टॉफ का कलेजा कांप उठा। उन्होंने किसी तरह से खुद को सुरक्षित किया और तुरंत इसकी सूचना ओटी इंचार्ज कनक श्रीवास्तव को दी. इस बीच सपेरे को बुलाया गया जिसने बताया कि यह घोड़ा पछाड़ सांप है, जो काफी खतरनाक होता है. वहीं सूचना मिलते ही वन विभाग गजराज सिंह, वन रक्षक सहित अन्य टीम के साथ पहुंचे.
उन्होंने रेस्क्यू शुरू किया लेकिन, सांप पहले तो काबू में नहीं आया बाद में टीम को दो सदस्यों ने उसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला. कनक श्रीवास्तव ने बताया कि ओटी में माहौल सामान्य है. सांप निकलने के बाद कुछ लोग दहशत में आए थे. सांप को सुरक्षित पकड़ा गया है. वन विभाग के गजराज सिंह ने बताया कि सांप की लंबाई करीब 7 से 8 फीट की है. यह आसपास के क्षेत्र से आ गया होगा. इसे जंगल में छोड़ा गया है.
पहले भी निकला था सांप: मेडिकल कॉलेज के आसपास घने जंगली पेड़-पौधे हैं जिससे बारिश के बाद जंगली जंतुओं का लगातार निकलना बरकरार है. कुछ दिन पहले भी एक सांप आसपास निकला था जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई थी. मामले में ओटी ब्लॉक प्रभारी डॉ. अंशुल जैन ने बताया कि ओटी ब्लॉक में स्टाफ रूम के अंदर सांप घुस गया था. सूचना पर सपेरे व वन विभाग की टीम को बुलाया गया था. टीम ने सांप का रेस्क्यू कर लिया.















Leave a Reply