फतेहपुर में कच्ची दीवार गिरने से बड़ा हादसा, 4 बच्चे आये चपेट में; दो की मौत

Spread the love

फतेहपुर जिले  में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया. जहां पर  घर की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में चार बच्चे आ गए. इस हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए.

कहां की है ये घटना? दरअसल, ये घटना  धाता थाना क्षेत्र के मखौवा गांव की बताई जा रही है. घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है. गांव निवासी अभिषेक पाल (10) पुत्र कुंअर बहादुर, विष्णु पाल (13) पुत्र राजकुमार पाल, कुलदीप पाल (18) पुत्र धर्मराज और अक्षय पाल (15) पुत्र लवलेश पाल खाना खाने के बाद टहलने निकले थे. इसी दौरान रास्ते के किनारे गया पाल के घर की दीवार अचानक ढह गई और चारों बच्चे उसके नीचे दब गए.

अस्पताल में भर्ती कराया गया स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों और पुलिस की मदद से चारों को मलबे से बाहर निकाला गया और सरकारी अस्पताल धाता में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने अभिषेक और विष्णु को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुलदीप और अक्षय को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया गया.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया: थाना अध्यक्ष योगेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. हादसे के बाद गांव और आसपास के इलाके में कोहराम मच गया है. बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जो हादसे की वजह बनी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *