रायबरेली में दलित की हत्या पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय फतेहपुर में मिले पीड़ित के परिवार से

Spread the love

रिजवान उददीन, फतेहपुर।
फतेहपुर में आज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे. रायबरेली के ऊंचाहार में दलित युवक की पीट-पीटकर हुई हत्या के बाद उन्होंने मृतक के परिवार से यहां मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया. मृतक हरिओम फतेहपुर जिले के थाना कोतवाली तुराबअली पुरवा का रहने वाला था.

आपको बता दे एक अक्टूबर को रायबरेली के ऊंचाहार इलाके में चोर समझकर दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी.इस घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय खुद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.

अजय राय ने कहा कि दलित युवक द्वारा राहुल गांधी का नाम लेने पर बाबा के लोगों ने उसकी हत्या कर दी. उन्होंने इसे कानून व्यवस्था की विफलता बताते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में जंगलराज का माहौल है और बाबा का नाम लेकर हत्या की जा रही है. कांग्रेस नेता ने पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दिया जा रहा है.

अजय राय ने मृतक परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ी जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *