फतेहपुर के बिन्दकी में अनियंत्रित डंपर और DCM में भीषण टक्कर, डीसीएम चालक की मौत

Spread the love

रिजवान उददीन फतेहपुर।
फतेहपुर जनपद के बिन्दकी थाना क्षेत्र अन्तर्गत दरवेशाबाद में रविवार तड़के सुबह लगभग साढ़े पाँच बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. यह दुर्घटना दरवेशाबाद स्थित ज्योति संचय आई हॉस्पिटल के ठीक सामने हुई, जहाँ तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने सामने से आ रही डीसीएम में जोरदार टक्कर मार दी. भीषण टक्कर के प्रभाव से डीसीएम चालक केबिन में ही फँस गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

सूचना मिलते ही पीआरवी 6257 पहुंची मौके पर: घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरवी 6257 तुरंत घटनास्थल पर पहुँची. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक के शव को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला. हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर यातायात सुचारू कराया.

डंपर चालक मौके से हुआ फरार: टक्कर के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने डंफर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर अत्यधिक रफ्तार में था, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे डीसीएम से जा भिड़ा.

स्थानीय लोगों में रोष एवं दहशत: हादसे के बाद आसपास के लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि ज्योति संचय आई हॉस्पिटल के सामने वाले इस मार्ग पर भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल उपाय, संकेतक बोर्ड लगाने और कड़ी निगरानी की मांग की है।

पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *