आवारा कुत्ते ने 2 KM तक दौड़ाकर 9 लोगों को काटा, बाजार में मची अफरातफरी; कई जख्मी

Spread the love

UP के सीतापुर में महमूदाबाद में मंगलवार को दो किमी तक आवारा कुत्ते ने महिला समेत नौ लोगों को दौड़ाकर काटा. सड़क पर जो मिला कुत्ते ने उसे काटा. कई लोग बचने के लिए भागे तो गिरकर चोटिल हो गए. छह लोगों की हालत गंभीर है, जिनका लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है. इससे लोगों में आक्रोश है.

सिधौली निवासी मुन्नी नहर पटरी के किनारे लकड़ी बटोर रहीं थी तभी अचानक आए कुत्ते ने उनके हाथ पैर व शरीर के अन्य हिस्से में काट लिया. चीख पुकार सुन आसपास के लोगों ने महिला को बचाया. इसके बाद कुत्ता चतुराबेहड़ की तरफ भागा तभी बघाइन निवासी पति के साथ जा रही सुमन को हाथ और पैर में काट लिया. किसी तरह पति प्रेमचन्द्र ने सड़क किनारे पड़ा ईंटा उठाकर कुत्ते को मारा तब जाकर कुत्ता सुमन को छोड़कर भागा.

वहीं भिटौरा निवासी मो. हनीफ को रामपुर मथुरा मार्ग स्थित पेट्रोल पम्प के पास कुत्ते ने काट लिया. इसके बाद गोपालपुर निवासी हैप्पी वर्मा को कुत्ते ने हाथ, पैर और पीठ में काट लिया. इसके बाद कुत्ता भागकर बेलदारी टोला पहुंचा. वहां डीफार्मा की परीक्षा देकर घर लौट रहे रन्नी निवासी उत्कर्ष को दौड़ा लिया. उत्कर्ष जान बचाने के लिए पर कुछ दूर आगे जाकर वह गिर पड़े. तभी कुत्ते ने उनके हाथ पैर और चेहरे पर काट लिया। चीख पर आसपास के लोग आए तब जाकर उनकी जान बच सकी.

रामपुर मथुरा मार्ग पर टेम्पो स्टैंड के पास भट्ठा निवासी मकसूद को दौड़ा कर काट लिया. वहीं घर से सामान लेने के लिए निकले नई बाजार निवासी शिवा व उनके पिता राजेश को घर के बाहर ही कुत्ते ने नोच डाला. इसके बाद चिकमण्डी चौराहे पर सब्जी खरीद रहे ऑटो चालक सरवर के पैर और हाथ में काट लिया. कुत्ते को काटता देख बाजार में भगदड़ मच गई. लोग खुद को बचाने के लिए भागने लगे. कई लोग गिरकर चोटिल हो गए. कुत्ते का आतंक देख आसपास के लोग डंडे लेकर दौड़े तब जाकर कुत्ता सरवर को छोड़कर भागा. लोगों की मदद से वह महमूदाबाद सीएचसी पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज कर हालत गंभीर देख मुन्नी, सुमन, उत्कर्ष, मकसूद, सरवर, मो. हनीफ की हालत गंभीर देख लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया. हैप्पी, राजेश व शिवा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.

महमूदाबाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि कुत्ते के काटने के नौ मरीज इलाज के लिए सीएचसी आए थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल छह मरीजों को इलाज के लिए लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर किया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *