हमीरपुर में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रोडवेज बस और बोलेरो में जोरदार भिड़ंत, 4 मरे 3 घायल

Spread the love

इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर जिले में घने कोहरे के कारण रविवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के इचौली गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 71.8 किलोमीटर पॉइंट पर पीछे से आ रही गुजरात की टूरिस्ट बस ने बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी. हादसे में बोलेरो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की बांदा ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हुई. 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए. घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान और मौके पर पहुंचे अफसरों को उचित निर्देश दिए.

टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बस के नीचे जा घुसी. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से ट्रॉमा सेंटर बांदा भिजवाया, जबकि मृतकों के शवों को मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. पुलिस के अनुसार, बोलेरो सवार सभी लोग महोबा जनपद के थाना खन्ना क्षेत्र के गयोड़ी गांव के निवासी थे.

घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से हुआ हादसा: बताया गया कि बोलेरो में सवार आठ लोग किसी परिजन के लिए फूल लेकर प्रयागराज संगम जा रहे थे. घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यह हादसा हुआ. हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सिद्धगोपाल यादव (60) पुत्र मइयादीन, राम सहोदर (40) पुत्र छोटेलाल और घनश्याम (34) पुत्र छोटेलाल के रूप में हुई है। राम सहोदर और घनश्याम आपस में सगे भाई थे.

बांदा ट्रॉमा सेंटर में इलाज:के दौरान एक की मौत: हादसे में सोनू (38) पुत्र प्यारेलाल, आशाराम (40) पुत्र अच्छेलाल, राधेश्याम (48) पुत्र छोटेलाल और बोलेरो चालक विमल (20) पुत्र घनश्याम गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज बांदा ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है लेकिन एक की इलाज के दौरान मौत हो गयी. सूचना मिलने पर मौदहा क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय, कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार और इचौली चौकी प्रभारी मनोज पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे: क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल कराया गया। हादसे के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया. बस में सवार यात्री भगत भाई ने बताया कि बस में 48 यात्री सवार थे, जो गुजरात से चित्रकूट होते हुए चारधाम यात्रा पर निकले थे. हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे. बस सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में ठहराया गया है, जहां दूसरी बस की व्यवस्था कराई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *