होली के पावन पर्व पर अपनों के पास घर लौट रहे यात्रियों के लिए रविवार की रात काल बनकर आई. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर उन्नाव के बांगरमऊ क्षेत्र में एक के बाद एक हुए दो रोडवेज बस हादसों ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. इस हृदय विदारक दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 31 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. चीख-पुकार और एंबुलेंस के सायरन से पूरी रात एक्सप्रेसवे और अस्पताल परिसर थर्राता रहा.
एक ही रोड पर एक घंटे के भीतर दो बड़े हादसे: हादसे का सिलसिला रविवार देर रात उस वक्त शुरू हुआ, जब आगरा डिपो की एक बस (जिसमें करीब 41 सवारियां मौजूद थीं) आगरा से लखनऊ की ओर जा रही थी. सिरधरपुर गांव के पास बस चालक संतुलन खो बैठा और बस आगे चल रहे एक ट्रक में पीछे से जा घुसी. यूपीडा (UPEIDA) की रेस्क्यू टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और 14 घायलों को बांगरमऊ अस्पताल पहुंचाया.

दुर्घटनाग्रस्त बस को सुरक्षा के लिहाज से एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा किया गया था। अभी राहत कार्य चल ही रहा था कि लगभग एक घंटे बाद एक और हादसा हो गया. मथुरा डिपो की एक अन्य बस ने सड़क किनारे खड़ी बस में भीषण टक्कर मार दी. दूसरी टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मथुरा डिपो की बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
अस्पताल में मची अफरा-तफरी, नहीं हो सकी मृतकों की शिनाख्त: दूसरे हादसे ने तबाही और बढ़ा दी. मथुरा डिपो की बस में सवार करीब 20 घायल यात्रियों को आनन-फानन में अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, पुलिस उनके पास मिले सामान और टिकट के आधार पर पहचान करने में जुटी है.
17 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर (लखनऊ) रेफर कर दिया गया है. घायलों में कुशीनगर, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी और मथुरा समेत कई जिलों के निवासी शामिल हैं, जो होली की छुट्टियों में घर जा रहे थे.
पुलिस और रेस्क्यू टीम की मुस्तैदी: हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा की टीमें सक्रिय हो गईं। एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ी बसों के मलबे को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई ताकि यातायात बाधित न हो। बांगरमऊ अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने रात भर मुस्तैदी दिखाते हुए घायलों का उपचार किया. होली के ठीक पहले हुए इस हादसे से यात्रियों के गृह जनपदों और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
















Leave a Reply