पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के घाटमपुर में एक महिला ने अपनी बेटियों के साथ मिलकर फोरेंसिक में तैनात सीनियर साइंटिस्ट की चप्पलों से पिटाई कर दी. आरोप है कि सीनियर साइंटिस्ट बेटियों की वीडियो बना रहा था. साथ ही कह रहा था कि सिविल कोर्ट में चल रहे दीवानी के मुकदमे में पैरवी करना बंद कर दो, नहीं तो जेल भिजवा दूंगा.
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. पिटाई का वीडियो भी सामने आया है. पूरा मामला घाटमपुर तहसील में शनिवार का है.
घाटमपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया- सिविल कोर्ट में कैलाश नाम के व्यक्ति से जमीन को लेकर दीवानी मुकदमा चल रहा है. शनिवार को मैं अपनी दो बेटियों के साथ कोर्ट में तारीख लेने आई थी. इसी दौरान झांसी में तैनात फोरेंसिक विभाग के सीनियर साइंटिस्ट संतोष कुमार कुरील वहां पहुंचे और मेरी बेटियों का वीडियो बनाने लगे.
महिला ने कहा- जब मैंने वीडियो बनाने से मना किया तो लड़ाई करने लगा. इस दौरान संतोष कुरील ने मुझे थप्पड़ मार दिया. इससे बाद महिला और उसकी बेटियों ने संतोष कुरील की जूते-चप्पलों से पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने ले आई.
घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली थी. संबंधित व्यक्ति तहसील दिवस में शिकायत करने आया था और उस समय वह बेटियों के वीडियो भी दिखा रहा था. पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.















Leave a Reply