नौबस्ता की बर्तन की दूकान से 10 लाख की अष्टधातु मूर्तियां चोरी करने वाले धरे गये

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के नौबस्ता थाने के पास स्थित बर्तन दुकान से दिनदहाड़े 10 लाख कीमत की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने अरेस्ट किया है. आरोपियों ने चोरी की मूर्तियां कानपुर देहात के रहने वाले बर्तन कारोबारी को बेची थी. पीड़ित दुकानदार ने GST से बचने के लिए पुलिस को पीतल की मूर्तियां होने की जानकारी दी.

नौबस्ता थाने के पास से दिनदहाड़े हुई थी चोरी: यशोदा नगर के रहने वाले राजकुमार साहू की नौबस्ता थाने के पास ही साहू बर्तन भंडार के नाम से दुकान है. 4 मार्च की दोपहर करीब 12:50 बजे राजकुमार घर के पीछे हिस्से पर स्थित कमरे में सोने चले गए थे जबकि उनका बेटा सुजीत कुमार साहू भीम नगर स्थित अपने मकान में थे. कुछ देर बाद एक युवक हाथ में त्रिशूल लेकर लहराते हुए आया और मेनगेट की कुंडी खोलकर दुकान में घुस गया.

इसके बाद उसने दुकान में रखी मूर्तियां, पूजन सामग्री व गोलक में रखे करीब रखे 25 हजार कैश लेकर अपने बाइक सवार साथी के संग फरार हो गया था. दोपहर करीब 2 बजे सोकर उठे राजकुमार दुकान पहुंचे तो मूर्तियां गायब मिली थी जिसके बाद उन्होंने नौबस्ता पुलिस को जानकारी दी थी. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई थी.

140 सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने खंगाले: पीड़ित राजकुमार की तहरीर पर नौबस्ता थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि घटना के खुलासे में तीन टीमें लगी हुई थीं. करीब 140 सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर हनुमंत विहार निवासी विवेक दीक्षित, मूलरूप से हमीरपुर निवासी शिव प्रसाद व कानपुर देहात के गजनेर निवासी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया.

डीसीपी साउथ ने बताया कि विवेक और शिव प्रसाद ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. दोनों आरोपियों ने चोरी की मूर्तियां गजनेर निवासी बर्तन व्यापारी अनिल कुमार को बेची थीं. विवेक और शिव प्रसाद जुएं के लती है, जुआं खेलने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे.

आरोपियों के पास से 10 लाख कीमत की 5 मूर्तियां, 4 मूर्तियों के आसन, 16 दीपक व अन्य सामग्री बरामद की गई है वहीं नौबस्ता थाने के अतिरिक्त इंस्पेक्टर मो. नदीम ने बताया कि पीड़ित दुकानदार ने जीएसटी से बचने के लिए पीतल की मूर्तियां चोरी होने की जानकारी दी थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *