पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गैस सिलेंडर की सप्लाई न मिलने से नाराज़ स्थानीय लोगों ने रविवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया. गैस एजेंसी पर सिलेंडर न मिलने से लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए.
पनकी रोड स्थित भारत गैस एजेंसी पर रविवार सुबह गैस न मिलने से उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा. सुबह 4 बजे से लाइन में लगे लोगों ने जब एजेंसी के बाहर ‘आज गैस नहीं मिलेगी’ का नोटिस देखा तो जमकर हंगामा शुरू कर दिया.
स्थिति बिगड़ती देख गैस वितरण करने वाले कर्मचारी दुकान बंद कर मौके से भाग निकले। पुलिस बुलानी पड़ी. पुलिस ने लोगों को समझा कर शांत कराया.
चार दिन से गैस के लिए भटक रहे उपभोक्ता: उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं. रोज सुबह से लाइन में लगते हैं, लेकिन जब उनका नंबर आता है तो एजेंसी संचालक सिलेंडर खत्म होने की बात कह देते हैं. रविवार को भी लोग सुबह से लाइन में खड़े थे, तभी एजेंसी की ओर से सूचना दी गई कि गैस की गाड़ी नहीं आई है, इसलिए वितरण नहीं होगा. यह सुनते ही लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने एजेंसी पर हंगामा शुरू कर दिया.
पुलिस ने कराया मामला शांत सूचना पर कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। चौकी प्रभारी विपिन मोरल ने एजेंसी संचालक को फटकार लगाते हुए कहा कि जब सिलेंडर उपलब्ध नहीं थे तो उपभोक्ताओं को लाइन में क्यों लगाया गया.

थाना प्रभारी बोले- स्थिति सामान्य कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि गैस वितरण न होने से कुछ लोगों ने हंगामा किया था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को समझा-बुझाकर घर भेज दिया है. किसी कारणवश भारत गैस एजेंसी की गाड़ी नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते गैस वितरण नहीं हो पाया। फिलहाल स्थिति सामान्य है.
















Leave a Reply