कानपुर पहुंचे अजय राय, बोले- 5 विधानसभा चुनाव में ही भाजपा को मिल जायेगा ब्राह्मणों का जवाब

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के मेस्टन रोड स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शहर पहुंचे. इस मौके पर उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों को कुप्रबंधन करार देते हुए सरकार पर तीखा प्रहार किया, इस दौरान अजय राय ने विभिन्न जन मुद्दों को उठाते हुए केंद्र व राज्य सरकार को जमकर घेरा. अजय राय ने कहा कि वर्तमान सरकार की लापरवाही से आम जनता, धार्मिक संस्थाएं और युवा वर्ग सभी प्रभावित हो रहे हैं.

इस दौरान सबसे पहले अजय राय ने रसोई गैस (एलपीजी सिलेंडर) की गंभीर कमी पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या पूरे देश में फैली हुई है, लेकिन उत्तर प्रदेश में स्थिति सबसे खराब है. गैस की किल्लत इतनी बढ़ गई है कि कई बड़े मंदिरों की रसोई प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा विशेष रूप से वाराणसी के प्रसिद्ध अन्नपूर्णा मंदिर की ‘मां अन्नपूर्णा की रसोई’ बंद होने की कगार पर पहुंच गई है, जहां रोजाना हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाता था.

अजय राय ने कहा कि इस संकट से न केवल आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को भी गहरा आघात पहुंच रहा है. उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की, गैस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की. अजय राय ने इसे सरकार की पूरी विफलता करार देते हुए कहा कि आम आदमी को राहत देने के बजाय मुद्दे को नजरअंदाज किया जा रहा है.

इसके बाद अजय राय ने उत्तर प्रदेश में बार-बार हो रहे पेपर लीक मामलों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब रहा है. दोषी अधिकारियों और शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, उन्हें निलंबित किया जाए और जवाबदेही तय की जाए. अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ जांच कमेटी बनाकर मामले को टालने और लंबित करने की कोशिश कर रही है, जबकि युवा वर्ग का सपना चूर-चूर हो रहा है. उन्होंने इसे प्रशासनिक सिस्टम की पूरी साख पर सवाल बताया और कहा कि ऐसी घटनाएं युवाओं में निराशा पैदा कर रही हैं.

अजय राय का सबसे तीखा हमला ब्राह्मण समाज की उपेक्षा पर रहा. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ब्राह्मण समाज के साथ अन्याय कर रही है, पेपर लीक जैसे मुद्दों में ब्राह्मणों को निशाना बनाया जा रहा है. अजय राय ने ब्राह्मण समुदाय से अपील की कि वे एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें. उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में, खासकर उन पांच राज्यों में जहां चुनाव होने वाले हैं, ब्राह्मण समाज भाजपा को करारा जवाब देगा और कांग्रेस के साथ खड़ा होगा. अजय राय ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया है, अब समय आ गया है कि वे अपनी उपेक्षा का अंत करें और बदलाव लाएं.

अजय राय के इन तीखे प्रहारों से साफ है कि कांग्रेस पार्टी यूपी में जन मुद्दों को केंद्र में रखकर भाजपा पर लगातार दबाव बनाने की रणनीति अपना रही है. गैस संकट, पेपर लीक और ब्राह्मण असंतोष जैसे मुद्दों को उठाकर उन्होंने सरकार की कमजोरियों को उजागर किया है, जिससे राजनीतिक बहस और तेज होने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *