पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में करोड़ों की ठगी के आरोपी को एक महिला ने सरेआम 6 सेकंड में 9 थप्पड़ जड़ दिए. इसके बाद आरोपी को चकेरी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. आरोपी कृष्ण प्रकाश सिंघानिया पर 35 लोगों से 2 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है.
यह घटना शनिवार शाम की है जब आरोपी कृष्ण प्रकाश सिंघानिया अपनी कार से जा रहा था. पीड़ितों ने उसे रोका और अपने पैसे वापस मांगे. आरोप है कि सिंघानिया ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया, जिससे नाराज होकर एक महिला ने उसे कार के भीतर ही 9 थप्पड़ मारे. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार सनिगवां निवासी रवि श्रीवास्तव, कैंट निवासी विपिन राजपूत, मीरपुर निवासी शारदा देवी, पटकापुर निवासी अनीता, खपरा मोहाल निवासी संगीता राजपूत आदि ने पुलिस को बताया कि ओमपुरवा निवासी आरोपी ने उन लोगों से लोन करवाने, प्लॉट दिलाने, मकान दिलाने आदि के नाम पर झांसा देकर किसी से आठ लाख तो किसी से 15 लाख रुपये हड़प लिए. कोई लाभ न मिलने पर जब दी हुई रकम वापस मांगी तो आरोपी ने धमकी दी. पीड़ितों ने बताया कि रविवार शाम को आरोपी उन्हें कार से सनिगवां में मिल गया. लोगों ने उसे रोककर रुपये मांगे तो अभद्रता करने लगा.
नशे में रहे आरोपी ने अभद्रता की, इस पर लोगों ने उसे पीटा. तभी एक महिला ने कार में घुसकर आरोपी को छह सेकेंड में नौ थप्पड़ जड़ दिए. आरोपी को पीटने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय पीड़ितों पर ही प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही.
पीड़ितों का कहना है कि पुलिस के कार्रवाई न करने पर अब वह लोग पुलिस कमिश्नर से शिकायत करेंगे. थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply