पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में मिसाइल रफ्तार स्कॉर्पियो कार एआरटीओ के घर में घुस गई. कार ने पहले गार्ड रूम को तोड़ा और फिर मेन गेट तोड़ते हुए अंदर पहुंच गई. गनीमत रही कि उस समय ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड पानी पीने अंदर गया हुआ था, जिससे वह बाल-बाल बच गया. घटना के बाद सूचना पर पहुंची पुलिस कार चालक को गाड़ी सहित थाने ले आई.
रावतपुर के विकास नगर निवासी राजेश राजपूत मथुरा में एआरटीओ पद पर तैनात हैं. परिवार में उनकी पत्नी शीला राजपूत और दो बच्चे हैं, जो बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं. करीब दो साल पहले उनका कानपुर से मथुरा ट्रांसफर हुआ था. शीला राजपूत ने बताया कि वह दो दिन पहले ही अपने पति के साथ मथुरा गई थीं.
हॉर्न बजाते हुए गार्ड रूम तोड़कर अंदर घुसी कार: बताया गया कि देर रात करीब दो बजे गार्ड अपने गार्ड रूम में मौजूद था. घटना से करीब एक मिनट पहले वह पानी पीने के लिए अंदर गया था. उसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हॉर्न बजाते हुए आई और गार्ड रूम को तोड़ते हुए मेन गेट तोड़कर घर के अंदर घुस गई. पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
चालक और साथियों ने गार्ड से की मारपीट: हादसे के बाद कार चालक और उसके साथियों ने गार्ड से गाली-गलौज और मारपीट भी की. आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद वे भागने लगे। इसी बीच गार्ड ने 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी.
कार चालक समेत दो युवक पुलिस हिरासत में: सूचना मिलते ही रावतपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को कार सहित थाने ले आई. पूछताछ में चालक का नाम करण भदौरिया बताया गया. एआरटीओ की पत्नी शीला राजपूत ने रावतपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है.
थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि कार चालक नशे की हालत में था. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
















Leave a Reply