पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के रतनलाल नगर में सोमवार दोपहर बेसमेंट की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. प्लॉट में चल रही खुदाई के बीच एक पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया, जिससे खिंचाव पैदा हुआ और एक के बाद एक पांच बिजली के पोल भरभराकर गिर पड़े। इनमें से एक पोल केस्को सब स्टेशन के पास स्थित सैलून पर गिरा जिससे सैलून संचालक की मौत हो गयी.
हादसे में सब स्टेशन के पास खड़ी एक स्कूटी समेत तीन बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं. अचानक पोल गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहगीरों ने अपनी गाड़ियां सड़क किनारे खड़ी कर किसी तरह जान बचाई.
प्लॉट में 5 दिन से चल रही थी बेसमेंट की खुदाई: रतनलाल नगर स्थित केस्को सब स्टेशन के पास लाजपत नगर में गांधी टायर्स के संचालक का करीब 400 वर्ग गज का प्लॉट है। इलाकाई लोगों के मुताबिक यहां पिछले करीब पांच दिनों से जेसीबी मशीन से बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा था।
सोमवार दोपहर खुदाई के दौरान प्लॉट के पास खड़ा एक पेड़ बिजली के तारों की चपेट में आकर गिर पड़ा। पेड़ महादेव नगर में सुनील कुमार की पंचर की दुकान के पास गिरा, जिससे उनका कंप्रेशर भी पलट गया।
तारों में खिंचाव से एक के बाद एक गिरे 5 पोल: पेड़ गिरने से बिजली के तारों में तेज खिंचाव आ गया और आसपास लगे पांच बिजली के पोल अचानक गिर पड़े। इसी दौरान एक पोल केस्को सब स्टेशन के पास स्थित सैलून पर जा गिरा।
सैलून मूल रूप से बिहार के छपरा के घाटा मोहम्मदपुर निवासी और वर्तमान में बर्रा-4 में रहने वाले 40 वर्षीय रियाज अहमद का था। पोल की चपेट में आने से रियाज गंभीर रूप से घायल हो गए। उस समय सैलून में मौजूद बर्रा-4 निवासी धीरू बाल-बाल बच गया।
















Leave a Reply