फतेहपुर में बांदा-टांडा हाईवे पर सोमवार तड़के करीब डेढ़ बजे तेज रफ्तार दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवे पर करीब छह किमी लंबा जाम लग गया और दो घंटे तक हजारों वाहन फंसे रहे. सिधाव गांव के पास प्रताप इंटरनेशनल स्कूल के सामने फतेहपुर से बांदा की ओर जा रहा एक डंपर और बांदा से मौरंग लादकर फतेहपुर की ओर आ रहा डंपर ओवरटेक के दौरान आमने-सामने भिड़ गए. टक्कर इतनी तेज थी कि फतेहपुर से बांदा जा रहे डंपर की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसके अंदर फंस गया. हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जेसीबी के सहारे डंपर की केबिन तोड़कर चालक को बाहर निकाला. गंभीर रूप से घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के टेनापुर (पतारा) गांव निवासी आसीन अहमद (36) के रूप में हुई. हादसे के बाद गिट्टी लदे डंपर का चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
हादसे के कारण दोनों डंपर हाईवे के बीच सड़क पर फंस गए, जिससे प्रताप इंटरनेशनल स्कूल से लेकर बहुआ कस्बे तक और दूसरी ओर सिधाव तक करीब छह किमी लंबा जाम लग गया. इस दौरान हजारों वाहन करीब दो घंटे तक जाम में फंसे रहे. पुलिस ने किसी तरह दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है. तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply