पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के गुजैनी में मार्केटिंग कंपनी के मैनेजर के बंद घर का ताला तोड़ कर ज्वैलरी व कैश समेत 15 लाख का माल चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बीते एक फरवरी को आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, घटना के वक्त पीड़ित अपनी मां का चेकअप कराने के लिए लखनऊ गए थे. चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी साथ ले गए थे.
आरोपियों के पास से डॉलर बरामद: डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रकाश गौतम, ईशू गौतम, अभिषेक गौतम उर्फ सोनू व अजय राजपूत को पतरसा पुल के पास गिरफ्तार किया गया है. वहीं आरोपी रॉबिन फरार है। आरोपियों के पास से 81 यूएस डॉलर और 15 दिरहम के साथ चोरी के जेवरात और कैश बरामद किया गया है.
डीसीपी ने बताया कि चोरी करने के बाद आरोपी घूमने के लिए मनाली चले गए थे. चोरी की रकम से आरोपियों ने 2.50 लाख की स्पोर्ट्स बाइक और मोबाइल खरीदा था। आरोपी प्रकाश पर 7, ईशू व सोनू पर तीन–तीन व अजय के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह मुकदमों की पैरवी करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे.
बर्रा-8 निवासी सतीश पांडेय सतीश ने बताया कि वह मां का चेकअप कराने 12 जनवरी को लखनऊ गए थे, इसके बाद वहीं से काम के सिलसिले में टूर पर चले गए थे. उन्होंने बताया था कि पूरे घर में सीसीटीवी लगे हैं, जिनका फुटेज वह अपने मोबाइल पर देखते रहते हैं. एक फरवरी को अचानक सीसीटीवी ने काम करना बंद कर दिया, उन्हें गड़बड़ी का अंदेशा हुआ लेकिन व्यस्तता के चलते वह लौट नहीं पाए.
4 फरवरी को सुबह घर लौटे तो घर के मेन गेट अंदर से बंद मिला. वह किसी तरह अंदर पहुंचे, तो कमरों के ताले टूटे मिले और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था. घर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी गायब था। चोर 5.25 लाख रुपए, सात जोड़ी चांदी की पायल, करीब 20 ग्राम सोने की चेन, कान के झुमके, टॉप्स, अंगूठियां और विभिन्न वजन के चांदी के सिक्के समेत करीब 15 लाख का माल साथ ले गए थे.
















Leave a Reply