UP के गोंडा रेलवे स्टेशन पर पुलिस हिरासत से भाग रहे चोर को पकड़ने की कोशिश में GRP सिपाही ट्रेन की चपेट में आ गया. उसके दोनों पैर कट गए. एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरा खाल के सहारे लटका है.
घटना मंगलवार रात 12 बजे हुई। जख्मी होने के बाद भी सिपाही आकाश सिंह (29) ने चोर सुनील कुमार (35) को पकड़ लिया. चीख-पुकार सुनकर पुलिसवाले और पब्लिक आ गई. उन्होंने चोर को दबोच लिया.
मऊ के रहने वाले सिपाही आकाश को गोंडा मेडिकल कॉलेज लाया गया. वहां से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया. सिपाही की हालत नाजुक है.

सिपाही आकाश सिंह को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है.
स्टेशन पर मारपीट हो रही थी, तभी सिपाही आकाश पहुंचे: जीआरपी सूत्रों के मुताबिक, गोंडा के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मंगलवार रात 11.30 बजे दो युवकों में मारपीट होने लगी. इसमें एक युवक ने सुनील कुमार पर जेब से पैसे चोरी करने का आरोप लगाया. मारपीट होती देख वहां ड्यूटी दे रहे सिपाही आकाश सिंह भी पहुंच गए.
वह दोनों युवकों को पकड़कर जीआरपी थाने के बाहर ले आए. दोनों से पूछताछ की. इसके बाद एक युवक को छोड़ दिया, जबकि सुनील कुमार को शक के आधार पर बैठा लिया.
कुछ ही देर में प्लेटफॉर्म-1 पर लखनऊ की ओर जा रही डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903) आ गई. इसी दौरान, अचानक सुनील कुमार ने सिपाही आकाश से अपना हाथ छुड़ाया और चलती ट्रेन में चढ़कर भागने लगा. आकाश ने भी उसके पीछे दौड़ लगा दी.
ट्रेन में चढ़ रहे सुनील को पीछे से पकड़ लिया और बाहर खींच लिया. चलती ट्रेन में हो रही इस आपाधापी में आकाश सिंह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच में बने गैप में गिर गए. उनके पैर कट गए.
भाग रहे चोर को पकड़कर खींचा, खुद प्लेटफॉर्म के गैप में गिरे: प्लेटफॉर्म पर जहां ये घटना हुई, वहां से जीआरपी स्टेशन 50 मीटर दूर था. चीख-पुकार मची तो पुलिसकर्मी और आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे. ट्रेन को रुकवाया गया और सिपाही को बाहर निकाला गया. आरोपी सुनील कुमार को पकड़ लिया. वह भी जख्मी हो गया था। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है.
डॉक्टर बोले- सिपाही के पैर का अब जुड़ना मुश्किल: गोंडा मेडिकल कॉलेज के डॉ. अतुल मिश्रा ने कहा- सिपाही का पैर काफी ज्यादा कट जाने की वजह से अब जुड़ना मुश्किल है. अलग से दूसरा पैर यानी डुप्लीकेट पैर लगाना पड़ेगा. पैर का कुछ हिस्सा गायब भी है. साथी जीआरपी जवान पैर का कुछ हिस्सा लेकर आए थे. लेकिन हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया.
जीआरपी प्रभारी दिनेश कुमार पांडेय ने कहा-“आरोपी सुनील कुमार को पकड़ लिया गया है. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि सिपाही को डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर किया है. सीसीटीवी चेक किए जा रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है.”
2018 बैच के सिपाही हैं आकाश सिंह: घायल सिपाही आकाश सिंह मऊ जिले के रहने वाले हैं. वह 2018 बैच के हैं। कई सालों से गोंडा जीआरपी में तैनात हैं. उनकी शादी हो चुकी है. अभी बच्चे नहीं हैं। परिवार के लोग मऊ से लखनऊ पहुंच गए हैं.
















Leave a Reply