UP के बाराबंकी जिले में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा लोनी कटरा थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 32 नंबर के पास हुआ. बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई.
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा: दरअसल, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे बस बीच सड़क पर पलट गई. हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जो दिल्ली से मधुबनी (बिहार) जा रहे थे. बस के पलटते ही कई यात्री उसके नीचे फंस गए और कई दूर जा गिरे.
दो दर्जन से अधिक यात्री घायल: इस भीषण दुर्घटना में दो दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए. कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य को हल्की चोटें लगी हैं. मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकाला.
पुलिस और राहत टीम ने संभाला मोर्चा: घटना की सूचना मिलते ही लोनी कटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया. पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
घंटों बाद बहाल हुआ यातायात: हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया.पलटी हुई बस के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। पुलिस और क्रेन की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
हादसे की जांच शुरू: पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा.
















Leave a Reply