UP के गाजीपुर जिले में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया है. जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. यहां तेज रफ्तार एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर हमीद सेतु की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा. इसके बाद ट्रेलर से बचने की कोशिश में एक सब्जी लदा पिकअप भी सेतु पर पलट गया. इस हादसे में ट्रेलर सवार दो लोगों के गंगा में डूबने की आशंका जताई है.
पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में गिरा ट्रेलर: वहीं इस हादसे में पिकअप सवार दो लोग घायल हो गए हैं. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोर राहत और बचाव कार्य में जुट गए. बताया जा रहा है कि गाजीपुर जिले के हमीद सेतु पर गाजीपुर की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रेलर हमीद सेतु के पिलर संख्या 6 और 7 के बीच नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार में पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे गंगा नदी में जा गिरा.
सब्जी लदा पिकअप वाहन भी पलटा: प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसी दौरान ट्रेलर से बचने की कोशिश में एक सब्जी लदा पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सेतु पर ही पलट गया. पिकअप में लदी सब्जियां पुल पर ही बिखर गईं और कुछ समय के लिए सेतु पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि पिकअप सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है.
अक्सर होते रहते हैं यहां हादसे: घटना की सूचना मिलते ही रजागंज चौकी और सुहवल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. हादसे के चलते कुछ समय के लिए सेतु पर आवागमन भी प्रभावित रहा. प्रशासन ने बचाव कार्य को प्राथमिकता देते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हमीद सेतु पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं.
20 मार्च को भी हुआ था हादसा: उधर, इस हादसे के समय ट्रेलर में सवार लोगों के नदी में बह जाने की आशंका जताई जा रही है. दो लोगों के लापता होने की बात सामने आई है, जिनकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीमों को मौके पर लगाया गया है. 20 मार्च को भी एक ट्रैक्टर रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में गिर गया था, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी. इस ताजा हादसे के बाद एक बार फिर सेतु की सुरक्षा और यातायात नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं.
सुहवल थानाध्यक्ष कमलेश कुमार की मानें तो, गाजीपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर हमीद सेतू की रेलिंग तोड़ते हुए गंगा में गिर गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है. लापता लोगों की तलाश जारी है.
















Leave a Reply