सहारनपुर के एक मदरसे में दो मौलानाओं ने 10 साल के बच्चे की बेरहमी से पिटाई की. एक ने बच्चे को उल्टा करके पैर पकड़े, दूसरे ने 36 डंडे मारे. बच्चा चिल्लाते हुए छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी मौलाना उसे पीटता रहा.
मदरसे के ही तीसरे मौलाना ने वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो डेढ़ साल पुराना है, लेकिन शुक्रवार यानी 3 अप्रैल को सामने आया। पुलिस के मुताबिक, तीसरे मौलाना का दोनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसके बाद उसने वीडियो वायरल किया.
फिलहाल, पुलिस ने गंगोह थाने में मुकदमा दर्ज कर शनिवार सुबह दोनों आरोपियों जुनैद और शोयब को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बच्चा मदरसा छोड़कर भाग गया था, इसलिए उसकी पिटाई की. पूरा मामला मदरसा दारुल उलूम जकरिया का है.
कैसे मामला सामने आया? जिस गांव खानपुर गुर्जर में मदरसा है, वहां के साजिद हसन ने शुक्रवार रात गंगोह थाने में शिकायत दर्ज कराई. साथ ही पुलिस को वीडियो भी दिखाया. उन्होंने पुलिस को बताया- हमारे गांव के रास्ते पर मदरसा दारुल उलूम जकरिया है। इसमें आसपास के बच्चे पढ़ते हैं.
आज मैंने सोशल मीडिया पर मदरसे का एक वीडियो देखा। इसमें मौलाना जुनैद (30) और शोयब (25) बच्चे को पकड़कर पीट रहे हैं. बच्चा जोर-जोर से चिल्ला रहा है. हमारी मांग है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.

पुलिस ने शनिवार सुबह दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सीओ बोले-दोनों मौलाना गिरफ्तार, सख्त एक्शन लेंगे: सीओ अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया- वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. पुलिस ने गंगोह थाना क्षेत्र के रहने वाले जुनैद और शोयब को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों ढाई साल से मदरसे में उर्दू और कुरान शरीफ पढ़ाते थे. मामले की जांच जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply