इफ्तार के बाद काशी में गंगा में ‘शराब पार्टी’ से मचा बवाल, Video वायरल; जनाक्रोश

Spread the love

UP के वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर सवार कुछ युवकों द्वारा शराब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो इफ्तार के बाद का है, जिसमें युवक खुलेआम शराब पीते और डीजे की धुन पर मस्ती करते नजर आ रहे हैं.

गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा गंगा नदी में नाव पर डीजे बजाने और किसी भी तरह की पार्टी करने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है. इसके बावजूद वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक न केवल शराब का सेवन कर रहे हैं, बल्कि तेज आवाज में संगीत बजाकर जश्न मना रहे हैं. यह सीधे-सीधे प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना मानी जा रही है.

अस्सी घाट से जुड़ा बताया जा रहा मामला: स्थानीय लोगों और नाविकों के अनुसार, वीडियो में दिख रही नाव और युवक अस्सी घाट क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं. यही नहीं, यह भी आरोप है कि युवक मिर्जापुर स्थित ‘बड़ी शीतला माता’ के दरबार में बधावा चढ़ाने जा रहे थे और उसी दौरान उन्होंने गंगा में यह पार्टी की.

नाविकों में आक्रोश: इस घटना को लेकर स्थानीय नाविकों में भारी आक्रोश है. नाविकों का कहना है कि मां गंगा उनके लिए आस्था और जीवनयापन का साधन दोनों हैं. ऐसे में इस तरह की हरकतें न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि काशी की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं. नाविकों ने प्रशासन और पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

प्रशासन पर उठे सवाल: वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब गंगा में इस तरह के आयोजनों पर रोक है, तो फिर खुलेआम नियमों का उल्लंघन कैसे हो रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

आस्था बनाम लापरवाही: काशी, जहां हर दिन हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं, वहां इस तरह की घटनाएं न केवल धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन हैं, बल्कि समाज के लिए भी गलत संदेश देती हैं. अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *