सीजफायर के ऐलान के बाद शेयर बाजार बना रॉकेट, सेंसेक्‍स 2700 अंक चढ़ा; 14 लाख करोड़ का फायदा

Spread the love

अमेर‍िका-ईरान के बीच सीजफायर की खबर के बाद जो उम्‍मीद थी, वहीं हुआ. भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार सुबह जबरदस्‍त तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की. डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान क‍िये जाने के बाद ग्लोबल मार्केट में तेजी देखी जा रही है. कारोबारी सत्र की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्‍स 2700 अंक की तेजी के साथ 77,331 अंक पर खुला. न‍िफ्टी सूचकांक ने भी शानदार तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की. शेयर बाजार में तेजी का आलम यह है क‍ि सेंसेक्‍स 2,800 प्‍वाइंट की तेजी के साथ 4% उछलकर इंट्राडे हाई 77,392 पर पहुंच गया.

निफ्टी 50 भी 800 प्‍वाइंट से ज्यादा चढ़कर 23,939 अंक के हाई लेवल पर पहुंच गई. बाजार में आई तेजी से न‍िवेशकों को कुछ ही म‍िनट में 14 लाख करोड़ का फायदा हुआ है. बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप बुधवार सुबह 429 लाख करोड़ से बढ़कर 443 लाख करोड़ हो गया. मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर में भी 3% की तेजी देखी गई. इंडिया विक्स 19% से ज्यादा गिरकर 20 के नीचे आ गया, जिससे बाजार की घबराहट कम हुई. आइए जानते हैं शेयर बाजार में आई जबरदस्‍त तेजी का कारण-

पहला कारण: US-Iran में सीजफायर  अमेरिका और ईरान के बीच महीनेभर से ज्यादा समय से जारी युद्ध की टेंशन अब खत्म होती नजर आ रही है. दोनों देश दो हफ्ते के सीजफायर पर सहमत हुए हैं. इससे शेयर बाजार निवेशकों के सेंटीमेंट पर पॉजिटिव असर पड़ा है और ग्लोबल टेंशन कम होने की उम्मीद में बाजार ने छलांग लगा दी है. 

दूसरा कारण: क्रूड ऑयल की कीमतें क्रैश  बाजार में धुआंधार तेजी का अगला कारण भी अमेरिका-ईरान सीजफायर से ही जुड़ा हुआ है. दरअसल, इस खबर के आते ही लगातार छलांग लगा रहा क्रूड ऑयल का भाव क्रैश हो गया. Brent Crude Price में 13 फीसदी से ज्यागा की गिरावट देखने को मिली और ये 95 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया. तो वहीं WTI Crude भी गिरते हुए इसी स्तर पर ट्रेड करता नजर आया. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई कम होने की उम्मीद ने बाजार को सपोर्ट किया है. 

तीसरा कारण: रुपया में तेज उछाल  US-Iran सीजफायर के फैसले का सीधा असर भारतीय करेंसी पर भी देखने को मिला है, जो अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगातार टूट रही थी और गिरने का हर रोज रिकॉर्ड बनाती हुई नजर आई थी. बुधवार को करेंसी मार्केट में कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही Indian Rupee डॉलर के मुकाबले 50 पैसे मजबूत होकर 92.56 पर पहुंच गया.

चौथा कारण: ग्लोबल मार्केट में बंपर तेजी विदेशी बाजारों में आने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिला है और अमेरिका-ईरान सीजफायर की खबर से अमेरिका ही नहीं, बल्कि तमाम एशियाई बाजारों में बुधवार को खुलने के साथ ही बंपर तेजी नजर आई थी. Gift Nifty भी शुरुआती कारोबार में ही 800 अंक के आसपास उछलकर कारोबार कर रहा था और ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव सिग्नल का असर सेंसेक्स-निफ्टी में तेजी के रूप में देखने को मिला है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *