मेरठ में 35 स्कूली बच्चों से भरी स्कूली बस बुधवार सुबह साढ़े सात बजे सड़क किनारे खाई में पलट गई. हादसे में 10 से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे। शीशे तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। कई बच्चे सीटों के बीच फंसे हुए थे. घायल बच्चों को बाइक और एम्बुलेंस से SDS ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
डॉक्टरों के मुताबिक, ज्यादातर बच्चों को हल्की चोटें आई हैं. बस सेंट मैरी एकेडमी की थी। हादसा काली नदी के पास सड़क पर हुआ. बस में बच्चों के बैग और किताबें बिखरी नजर आईं. हादसे के बाद बच्चे घबरा गए। जोर-जोर से रोने लगे.
आसपास के लोगों ने बच्चों को किसी तरह शांत कराया. परिजनों को सूचना दी. कई अभिभावक अस्पताल और स्कूल पहुंच गए. प्रिंसिपल ऑफिस का घेराव किया और नारेबाजी की. पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद ड्राइवर भाग गया है. जल्द ही उसके पकड़ा जाएगा. क्रेन बुलाकर बस को खाई से निकलवाया गया. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
चिंदौड़ी के रहने वाले छात्र अक्षुण ने बताया- “ड्राइवर अंकल मोबाइल देख रहे थे, तभी बस पलट गई. कई बच्चों को चोट लगी है. बस पलटते ही शीशे टूट गए. मैं किसी तरह बाहर निकल पाया.”

परिजन ने थाने में शिकायत की, कहा- शराब पीकर बस चला रहा था ड्राइवर: चिंदौड़ी के रहने वाले पैरेंट्स राहुल कौशिक ने दौराला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की. शिकायत में उन्होंने कहा- बुधवार सुबह साढ़े सात बजे सेंट मैरी एकेडमी की स्कूल बस (UP-14-DT-7487) चिंदौड़ी, चरला और लावड़ के पढ़ने वाले बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी. बस लावड़ का रहने वाला रूमान नाम का ड्राइवर चला रहा था.
वह शराब के नशे में बहुत तेज और लापरवाही से बस चला रहा था. ड्राइवर की लापरवाही से बस अझौता मोड़ पर खाई (सड़क किनारे के गड्ढे) में पलट गई. हमें बस पलटने की जानकारी मिली तो हमने स्कूल प्रशासन को बताया, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई. वाहनों की फिटनेस खत्म होने के बाद भी स्कूल प्रशासन लापरवाही बरत रहा है. बच्चों के जीवन से खिलवाड़ कर रहा है.

स्कूल बोला- ट्रक को बचाने में बस पलटी: सेंट मैरी एकेडमी के मैनेजमेंट से जुड़े संजय ने बताया- चिंदौड़ी से बच्चे लेकर बस आ रही थी. बता रहे हैं कि ट्रक की टक्कर से बचने के चक्कर में ड्राइवर बस को रॉन्ग साइड ले गया. इसके चलते बस पटल गई. फिलहाल, हम जांच करा रहे हैं.















Leave a Reply