धर्मनगरी वृंदावन में शुक्रवार शाम एक भीषण हादसा हो गया. वृंदावन और मान के बीच यमुना नदी को पार कर रही एक नाव अनियंत्रित होकर पीपा पुल से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नाव बीच मझधार में ही पलट गई. नाव में करीब 25 श्रद्धालु और स्थानीय लोग सवार थे.
मथुरा डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हादसा दोपहर करीब 3 बजे केसी घाट पर हुआ, जो श्रीबांके बिहारी मंदिर से करीब 2 किमी की दूरी पर है. राहत और बचाव कार्य के लिए सेना आ गई है. गाजियाबाद से NDRF की टीम भी वृंदावन आ गई है. डीआईजी शैलेश पांडेय ने बताया, पर्यटक 2 नावों में सवार थे. एक पलट गई, जिस पर 25 से 27 लोग सवार थे. 10 लोगों की मौत हुई है, इनमें 7 महिलाएं और 3 पुरुष हैं. मृतकों में पति-पत्नी और पिता-बेटी शामिल हैं. नाव में सवार सभी पर्यटक बांके बिहारी क्लब के सदस्य थे 12 घायलों को बाहर निकाल लिया गया है. 3 से 5 लोगों के अभी लापता होने की सूचना है. रेस्क्यू टीम लगातार सर्च कर रही हैं.
केसी घाट के पास मची चीख-पुकार: यह घटना वृंदावन के प्रसिद्ध केसी घाट के समीप घटित हुई. चश्मदीदों के अनुसार, नाव वृंदावन से मान की ओर जा रही थी, तभी तेज धारा या तकनीकी खराबी के कारण वह पीपों के पुल (Floating Bridge) से टकरा गई. टक्कर लगते ही नाव पर सवार लोग यमुना के गहरे पानी में समा गए. 6 लोगों की मौत की खबर है.
जिस जगह हादसा हुआ, वहां करीब 30 फीट पानी है. हादसे के बाद नाविक फरार हो गया. शुरुआती जांच से पता चला है कि नाव की क्षमता 15 श्रद्धालुओं की थी, लेकिन नाविक ने 25 लोगों को बिठा लिया था. किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी. आर्मी इंजीनियरिंग कोर के सूबेदार अखिलेश पांडेय ने बताया- अगर पर्यटकों ने लाइफ जैकेट पहन रखी होती तो बचने के लिए उन्हें समय मिल जाता. लाइफ जैकेट के साथ एक घंटे तक तैर सकते थे.
पर्यटक मनोहर लाल ने बताया- तेज हवा चल रही थी. यमुना नदी के बीच में नाव तेज हवा से अचानक डगमगाने लगी. स्पीड भी बढ़ गई। तभी नाव पीपा पुल (पांटून पुल) से टकराकर पलट गई.
राहत और बचाव कार्य: हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई. किनारे पर मौजूद लोगों और गोताखोरों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी.अब तक बचाव दल ने एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है.
बचाव अभियान जारी: वहीं खबर लिखे जाने तक बाकी 18 लोगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया. पुलिस प्रशासन और जल पुलिस की टीमें गोताखोरों की मदद से सघन तलाशी अभियान चला रही हैं.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है. प्राथमिकता नदी में डूबे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है. पीपा पुल के पास रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है
नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे! पीपों का यह पुल वृंदावन और मान को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है. प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे या नदी के बहाव के कारण नाविक संतुलन खो बैठा.
फिलहाल, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और लापता लोगों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
















Leave a Reply