मिर्जापुर में सुबह टहलने निकले वकील की गोली मारकर हत्या, बाइक से आया था हमलावर

Spread the love

UP के मिर्जापुर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां कटरा कोतवाली थाना क्षेत्र के कतवारू का पूरा इलाके में एक वकील की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

जानकारी के अनुसार, घटना कटरा कोटवाली थाना क्षेत्र की है. यहां कतवारूपुर के रहने वाले राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह आज सुबह टहलने के लिए घर के बाहर निकले थे. तभी बाइक से आए दो हमलावरों ने देसी तमंचे से गोली मार दी. हमलावर ने तमंचे से सटाकर फायर किया. गोली लगने के बाद राजीव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक वर्तमान में थाना विंध्याचल क्षेत्र के देवरी गांव में प्रधान पति भी थे. प्रधानी की रंजिश में हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है. नामजद तहरीर भी मिली है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है, जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हत्या के कारणों की जांच जारी है. पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है.

इस पूरी वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी को घटना को अंजाम देते हुए देखा जा सकता है. फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर पहले से घात लगाए था. वह बाइक से उतरा और बेहद नजदीक जाकर वकील को गोली मार दी. तब तक दूसरा आरोपी बाइक पर बैठा रहा.

वकील को गोली मारने के बाद वह बाइक के पास पहुंचा, कुछ देर तक बाइक स्टार्ट नहीं हुई. जब बाइक स्टार्ट हुई, तब तक कुछ लोग भी वहां आ चुके थे, इसी बीच वह मौके से फरार हो गया.

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी है. स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. वहीं इस वारदात को लेकर वकीलों में आक्रोश देखने को मिल रहा है. वारदात के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *