UP के मिर्जापुर में वकील राजीव सिंह की शनिवार सुबह हत्या के आरोपी राजेंद्र सोनकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कटरा कोतवाली क्षेत्र के बरौधा में शनिवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद उसे पकड़ा गया. मुठभेड़ में राजेंद्र सोनकर के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिवक्ता हत्याकांड के आरोपी राजेंद्र सोनकर उसके साथी की तलाश के लिए पांच टीमों को लगाया गया था.
पैर में गोली लगने से घायल हुआ आरोपी: बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात करीब साढ़े 10 बजे पीएसी गेट के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान आरोपी राजेंद्र सोनकर के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
मॉर्निंग वॉक पर निकले वकील की हत्या: गौरतलब है कि शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले अधिवक्ता राजीव सिंह की आरोपी ने सीने से सटाकर तमंचे से गोली मार दी थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ फरार हो गया था, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी.
घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगों का कहना है कि यदि पहले दिए गए प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो 45 वर्षीय अधिवक्ता की जान बचाई जा सकती थी.
बाकी आरोपियों की तलाश जारी: घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजक कौशिक ने तत्काल कई पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे. पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी, जिसके बाद देर रात मुठभेड़ में मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्क कर दी गई है.
















Leave a Reply